Sunday, 7 February 2016

वेजिटेबल रोल





 सुबह का नाश्ता या शाम का स्नैक्स, बच्चे तो बच्चे, बड़ों को भी कुछ स्पेशल खाने का मन करता रहता है। मेरे यहाँ तो शाम की चाय पर अवश्य कुछ-न-कुछ चाहिए। बेटे को तो टिफिन में रोज कुछ अलग चाहिए। मैं प्रयास करती रहती हूँ कि उसका स्वाद बदलता रहे। स्वाद बदलने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हो। मैंने दो दिन पहले ही बेटे के टिफिन में यह वेज रोल रखा था और कल शाम की चाय पर अपनी टेस्टफुल मेनू के लिए वेजिटेबल रोल तैयार किया था। मेरा बेटा हरी सब्जियों को पसंद नहीं करता मगर इस रोल में डाली गईं हरी सब्जियाँ बचती नहीं हैं। इसमें मैंने मनचाहे सब्जियों को डाला जिसे सबने बेहद पसंद किया। मुझे लगता है कि आपको भी एक बार बनाना चाहिए। इसे आप कभी वीकेंड स्पेशल भी बनाकर देखिए, सबको पसंद आएगा। इस रोल को बनाने के आदर्श तरीके बहुत हैं परन्तु मैंने जिस तरह से बनाया, वह तरीका आपको बताती हूँ।

वेजिटेबल रोल के लिए आवश्यक सामग्री - 
  • आटा - 200 ग्राम 
  • पत्ता गोभी - 100 ग्राम (बारीक कतरा हुआ)
  • गाजर  - 100 ग्राम (लंबाई में बारीक कटा हुआ)
  • कच्चा मटर दाना - 100 ग्राम (उबला हुआ)
  • धनिया पत्ता - 1/2 कप (बारीक कटा हुआ)
  • अदरक  - 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा (लंबाई में बारीक कटा हुआ)
  • काली मिर्च - एक चैथाई छोटी चम्मच से कम
  • मेयोनीज/मक्खन - 2 चम्मच 
  • सोया सास - एक छोटी चम्मच
  • नमक  - स्वादानुसार 
  • तेल/घी  - वेजिटेबल रोल तलने के लिये

वेजिटेबल रोल कैसे बनाएँ? 
  • किसी बर्तन में आटा को छान कर गूँथ लें।
  • अब वेजिटेबल रोल के अन्दर भरने के लिये पिठ्ठी तैयार करें। 
  • कढ़ाई में 1 चम्मच तेल डालकर गरम करें।
  • अब कढ़ाई में अदरक, कटा हुआ पत्ता गोभी, गाजर और मटर डालें।
  • 1 मिनिट भूनने के बाद उतार लें।
  • अब उसमें काली मिर्च, सोया सास और नमक डालकर ठंडा होने थें।
  • उसमें मेयोनीज/मक्खन डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • अब रोल में भरने के लिये पिठ्ठी तैयार हो गई है।

  • वैसे तो मैदा का रेपर बनाते समय लोग घोल तैयार करते हैं मगर मैं आटा से बना रही हूँ। 
  • आटा को पहले ही गूँथ लिया गया है।
  • अब उस आटे का रोटी बनाएँ।
  • नानस्टिक तवा गरम करें।
  • तवा बहुत अधिक गरम न हो।
  • हल्के आँच पर रोटी को दोनों ओर हाफ सेंक लें।
  • जब रोटी के दोनों ओर का रंग बदल जाय तब निकालकर प्लेट में रख लें।
  • जब रोल के लिए रैपर/रोटी तैयार हो जाए तब उसपर ऊपर की ओर 2 चम्मच पिठ्ठी/वेजिटेबल्स रखें और लंबाई में फैला लें।
  • रैपर/रोटी को पिठ्ठी/वेजिटेबल्स ढकते हुये दायें और बायें दोंनो ओर से थोड़ा-थोड़ा मोड़ लें।
  • अब ऊपर से मोड़ते हुये रोल बनायें।
  • इस प्रकार सभी रोटियों का रोल तैयार कर लें।

  • अब कढाई में तेल डालकर गरम करें।
  • गरम तेल में 2 वेजिटेबल रोल डालकर तलें।
  • वेजिटेबल रोल को पलट-पलट कर ब्राउन होने तक तलें।
  • प्लेट में नेपकिन पेपर बिछाकर वेज रोल कढ़ाई से निकाल कर इस पर रखें।
  • इस प्रकार सभी वेजिटेबल रोल तल कर निकाल लें।

  • इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू का टेस्टी वेजिटेबल रोल तैयार है।
  • इसे आप बड़े गर्व से ब्रेकफास्ट, स्नैक्स के रूप में या बच्चे के टिफिन में रख सकती हैं।
  • इसके साथ वीकेंड को स्पेशल बना सकती हैं। 
  • यह आटे से बना है अतः सुपाच्य है और हरी सब्जियों के साथ के कारण स्वास्थ्यवर्धक भी।

                                                      .............

No comments:

Post a Comment