Tuesday, 8 March 2016

हरी मटर की दाल



हरी मटर की दाल जिसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में निमोना भी कहते हैं, एक लोकप्रिय दाल है। हरे मटर के दानों का खाने में भिन्न-भिन्न प्रकार से उपयोग किया जाता है, मगर इसके दाल की अलग ही बात है। आमतौर पर ये जाड़ों के मौसम में बनता है क्योंकि तब हरी मटर आसानी से उपलब्ध होती है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में हरी मटर की दाल रखी है। कभी आप भी बनाकर देखिए, खाने और खिलाने, दोनों में मज़ा आएगा। 

हरी मटर की दाल के लिए आवश्यक सामग्री -
  • हरी मटर के दाने - एक कप
  • तेल - 2-3 चम्मच 
  • टमाटर - 2
  • हरी मिर्च - 2
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
  • लहसून - 4-5 कली  
  • तेजपत्ता - 2-3
  • हींग - 1 पिंच
  • जीरा - 1/5 चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/5 चम्मच
  • गरम मसाला - 1/5 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 

हरी मटर की दाल कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले हरे मटर के दानों को अच्छे से धो लें। 
  • टमाटर को धो लें और उसे बडे़-बडे़ टुकडों में काट लें।  
  • हरी मिर्च का डंठल हटा लें और अदरक को छील कर इन्हें भी धो लें।  
  • टमाटर और हरी मिर्च को मिक्सी में डाल कर बारीक पीस लें।  
  • इसी तरह मटर को भी अलग से दरदरा पीस कर एक अलग प्याले में निकाल लें।  
  • अदरक और लहसून को बारीक काट लें। 

  • कढा़ई में तेल गरम करके तेजपत्ता, हींग और जीरा डाल लें। 
  • अब धनिया पाउडर, अदरक और टमाटर वाला पिसा हुआ पेस्ट डाल कर अच्छे से भूनें। 
  • अब आप मसाले को तेल छोड़ने या दानेदार होने तक भूनें। 
  • जब मसाला अच्छे से भुन जाए तो इसमें पिसे हुए मटर डालें और इसे चलाते हुए 3-4 मिनट तक भून लें।  
  • अब आप अपनी पसंद के अनुसार तरी के लिए पानी डाल लें। 
  • अब गरम मसाला, नमक और लाल मिर्च डाल कर मिलाएँ और सब्ज़ी में उबाल आने तक पकाएँ। 
  • जब दाल में उबाल आ जाए तो इसे 8-10 मिनट और पका कर गैस बंद कर दें।  

अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए गरमागरम और स्वादिष्ट हरी मटर की दाल तैयार है। 

                                                          ------------

No comments:

Post a Comment