Wednesday, 18 May 2016

प्याज का पराठा

   आदमी खाने के मामले में एक ही जैसा होता है। जैसे कभी सादी रोटी, कभी पराठा। जब किसी दिन आपको पराठा खाने का मन करे तब आप सादे पराठे की जगह प्याज का पराठा बनाइये। यह प्याज का पराठा आप चाय, दही या किसी भी सब्जी के साथ सर्व कर सकती हैं। इसे भी कई प्रकार से बनाया जाता है, जैसे कई लोग प्याज को भरकर भी बनाते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में जो प्याज का पराठा रखा है, उसे भरकर नहीं बनाया गया है। इस पराठे में आटे में ही प्याज को गुथा गया है। प्याज का पराठा बनाना आसान है और खाने में तो इसका कोई जवाब ही नहीं है।
    प्याज के पराठे को आराम से बच्चों के लंच बॉक्स में भी दिया जा सकता है। पराठा बनाने के लिये आप चाहें तो आटे में अजवायन भी मिक्स कर सकती है। इससे पराठे का स्वाद बिल्कुल बदल जाता है। 

प्याज का पराठा के लिए आवश्यक सामग्री -
  • गेहूँ का आटा  - 1 कप 
  • बेसन - 2 चम्मच  
  • प्याज - 1/2 कप (बारीक कटी हुई)
  • हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
  • बेकिंग पाउडर (पराठों को कुरकुरा बनाने के लिये) - 1 चुटकी 
  • अजवाइन - 1/2 चम्मच (इच्छानुसार)
  • नमक - स्वादानुसार 
  • घी या तेल - 4 चम्मच ( तलने के लिए

प्याज का पराठा कैसे बनाएँ
  • सबसे पहले एक चम्मच तेल, बेसन, बेकिंग पाउडर और नमक डालकर आटा गूथें। 
  • अब उस आटे में प्याज, हरी मिर्च और नमक अच्छी तरह मिला कर पाँच मिनट तक रखें। 
  • अब अपनी इच्छानुसार आप अजवाइन मिलाएँ। 
  • आटा को नर्म गूथें और गीले कपड़े से ढँक कर रखें।
  • अब आटे की लोई बनकर त्रिभुजाकार पराठा बनाएँ। 
  • आप चाहें तो इसे गोल भी बना सकती हैं। 
  • अगर गुँथा आटा अधिक नर्म हो तो थोड़ा आटा और मिला लें। 
  • अब तेल या घी की सहायता से सुनहरा होने तक सेंके। 

देखिए, झट से आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए कुरकुरे प्याज के पराठे तैयार हैं। 
इसे आप किसी भी चटनी, आचार या रायते के साथ परोस सकती हैं। 
                                -------- 


चना दाल की बर्फी


   आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में चना दाल की बर्फी रखी है। इसे चना दाल, गुड़ और नारियल इसे आदि से बनाया जाता है। आप इसे पूर्णतः देशी और घरेलू बर्फी भी कह सकते हैं। इसे विभिन्न धर्मों में धार्मिक क्रियाकलापों के अवसर पर भी बनाया जाता है। मुस्लिम घरों में ईद आदि के अवसर पर तो हिन्दू घरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन के अवसर पर बनाया जाता है।
   चना दाल की बर्फी बनाने में बहुत ही आसान और बेहद स्वादिष्ट होती है। आप इसे आसानी से अपने घर में भी बना सकते हैं।

चना दाल की बर्फी के लिए आवश्यक सामग्री -

  • चने की दाल - 2 कप (भिगोई हुई) 
  • गुड़ - 1 1/2 कप
  • नारियल - 2 कप (घिसा हुआ, कुछ लम्बाई में काटा हुआ)
  • घी- 4 चम्मच
  • इलायची - 1/4 चम्मच
  • केसर- 1 चुटकी
  • काजू- 2 चम्मच

कैसे बनाएँ चना दाल की बर्फी?
अलग-अलग घरों में अलग-अलग तरीके से इस चना दाल की बर्फी को बनाया जाता है। यहाँ मैंने जिस प्रकार बनाया है, वह रेसिपी बता रही हूँ।

  • सबसे पहले भिगोए हुए चना दाल को कूकर में रखकर दो सिटी देने तक उबाल लें। 
  • अब मिक्सी में थोड़ा-थोड़ा डालकर पीस लें। 
  • इतना होने के बाद एक नॉन-स्टिक पैन में 4 चम्मच घी गरम करें। 
  • अब उसमें पीसा हुआ चना दाल डालें और 4-5 मिनिट तक भूनें। 
  • अब पैन में से घी को छान लें। 
  • अब उसमे नारियल डालें और अच्छे से मिलाएँ। 
  • इसे भी 4-5 मिनिट तक भूनें। 
  • अब उसमे इलाइची और केसर डालकर अच्छे से मिलाएँ। 
  • इतना होने के बाद एक ट्रे या थाली को थोड़े से घी से ग्रीज़ करें। 
  • अब पैन में गुड़ डालकर अच्छे से मिलाएँ और गुड़ के पिघलने तक पकाएँ। 
  • अब काजू डालें अच्छे से मिलाएँ। 
  • अब मिश्रण पूरी तरह से तैयार है। 
  • अब इसे ट्रे में फैला दें। 
  • फ़ैलाने के बाद ऊपर से नारियल का लम्बा टुकड़ा भी सजा दें। 
  • अब पूरे ट्रे को एक अल्यूमिनियम फॉयल से ढक दें और फिर बर्फी के सेट होने तक ट्रे को फ्रिज में रख दें। 













10 मिनट बाद निकाल कर आप मनचाहे आकार में काटें और अपनी टेस्टफुल मेनू की शान बढ़ाएँ।
                                       -----------------

Tuesday, 17 May 2016

लौकी का कोफ्ता


आज कुछ स्पेशल सब्जी बनाने का मन था। तो आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में लौकी (घीया) का कोफ्ता बनाया। वैसे तो कोफ्ते कई चीजों से बनते हैं लेकिन मुझे लगा कि बाकी की तुलना में हम लौकी का कोफ्ता बहुत जल्दी और आसानी से बना सकते हैं। 
लौकी को कई जगह लउका, घीया या कद्दू भी कहते हैं। यह वास्तव में इंसान की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद सब्जी है। वजन कम करने में सहायक तो है ही, साथ ही डाइबिटीज के मरीजों को बेहद फायदा पहुंचाती है। इससे पाचन सम्बन्धी परेशानी दूर होती है। साथ ही लौकी विटामिन और प्रोटीन का एक अच्छा श्रोत है। आइए आज आप भी इस गुणकारी लौकी का कोफ्ता बनाइए।

लौकी के कोफ्ते के लिए आवश्यक सामग्री -
  • लौकी  - 1 किलो
  • बेसन  - 2 चम्मच (भुना हुआ)
  • प्याज़ का पेस्ट - 2 चम्मच
  • हरी मिर्च का पेस्ट - 1/2 चम्मच
  • अदरक लहसुन का पेस्ट - 1 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1/2 चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1 चम्मच
  • जीरा - 1/2 चम्मच
  • तेल -  2 चम्मच
  • गरम मसाला पाउडर - 1/4 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार

लौकी का कोफ्ता कैसे बनाएँ? 
  • सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दुकस कर लें। 
  • अब उसे पानी से धो लें। 
  • चाहे तो उबाल लें। 
  • अब उसमे थोड़ा सा चम्मच नमक, हरी मिर्च का पेस्ट और बेसन मिलाएँ।  
  • उसे अच्छी तरह से गूंथ कर मिश्रण के कोफ्ते बना लें। 
  • अब कढ़ाही में तेल गरम करें और कोफ्तों को सुनहरा होने तक तलें। 
  • उसी तेल में जीरा चटकाएँ। 
  • अब अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें। 
  • फिर प्याज़ के पेस्ट को डालकर उसे गुलाबी होने तक भून लें। 
  • उसके बाद कड़ाही में हल्दी, मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें तथा 5-7 मिनट पकाएँ। 
  • उसके बाद आँच धीमी कर दें और 4-5 मिनट तक फिर पकाएँ। 
  • अब कड़ाही में तले हुए काफ्ते डालकर ढ़क दें और गैस बंद कर दें।

इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए लौकी के कोफ्ते तैयार हैं।
                                         ------------

कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी


    मनुष्य मौसम के साथ-साथ खाने का स्वाद भी बदलता रहता है। आज कल बाजार में कच्‍चे आमों का भंडार लगा हुआ है। हर छोटे-बड़े नुक्कड़ आदि पर भी कच्चे आम मिल जा रहे हैं। इस मौसम में अगर आपको भी आम किसी भी रूप में खाना पसंद है तो, आप आम की खट्टी-मीठी चटनी तैयार कर सकती हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी रखा है। कच्‍चे आम की यह खट्टी-मीठी चटनी खाने में बड़ी ही स्‍वादिष्‍ट लगती है। आप कच्‍चे आम की चटनी को कभी भी प्रयोग कर सकती हैं। इससे चाहें तो पूड़ी या पराठा भी बड़े आराम से खाया जा सकता है। यह बनाने में भी आसान है। 

कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • कच्‍चा आम- 1 
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 चुटकी 
  • मेथी दाना- 1 चुटकी
  • जीरा-  1 चुटकी
  • धनिया दाना - 2 चुटकी (भूनकर दरदरा किया हुआ)
  • तेज पत्‍ता- 2  
  • चीनी- 1/2 चम्‍मच 
  • तेल- 1 चम्‍मच 
  • नमक- स्वादानुसार 
  • पानी- कप 

कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले कच्‍चे आम को छील कर मध्यम आकार में काट लें। 
  • अब एक प्रेशर कुकर में तेल डाल कर गरम करें। 
  • तेल गरम होने पर उसमें तेज पत्‍ता डालें। 
  • अब उसमें मेथी दाना और जीरा डालें तथा चलाएँ।  
  • अब इसमें आम के कटे पीस डालें और ठीक से मिला लें। 
  • लगभग 2 मिनट के बाद उ मे नमक, चीनी और लाल मिर्च पाउडर डालें। 
  • अब इसमें थोड़ा सा पानी डालें और बंद कर दें। 
  • एक सीटी आने तक पकाएँ।  
  • सीटी आने के बाद कुकर खोलें और चटनी को थोड़ा चला दें। 
  • अब ऊपर से दरदरा किया हुआ धनिया दाना डालें। (लोग नहीं भी डालते हैं)
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए कच्चे आम की खट्टी-मीठी चटनी तैयार है। 

इसे आप फ्रिज में कई दिनों तक रख सकती हैं। 
                                      ------------

Friday, 13 May 2016

खीरे का रायता


    वैसे तो रायता कभी भी खाने के स्वाद को दोगुना कर देता है। खाने की मेज़ पर चाहे जितने भी प्रकार की सब्ज़ियां हों लेकिन रायते का अपना महत्व होता है। यह खाने के स्वाद को तो बढा़ता ही है साथ ही इसे पचाने में भी मदद करता है। मैं हमेशा अपने टेस्टफुल मेनू में वही चीजें रखने का प्रयास करती हूँ, जिसे शीघ्रता से तैयार किया जा सके। खीरे का रायता भी झटपट तैयार हो जाता है और खाने में भी बहुत स्वादिष्ट होता है। पाचन क्षमता का विकास करता है। 

खीरे का रायता के लिए आवश्यक सामग्री – 
  • दही - 400 ग्राम
  • खीरा - 2 
  • काली मिर्च पाउडर - 2 चिटकी 
  • नमक - स्वादानुसार 
  • काला नमक - 2 चिटकी 
  • भूना जीरा -  1/2 चम्मच
  • बर्फ के टुकड़े - 4-5 

कैसे बनाएँ खीरे का रायता?
  • खीरे का रायता बनाने के लिए सबसे खीरे को छील लें। 
  • अब दोनों ओर से आधा आधा इंच काट कर निकाल दें। 
  • अब धोएँ और कद्दूकस कर लें।  
  • दही को मथनी की सहायता से फैंट लें तथा उसमे आधा कप पानी मिला लें। 
  • अब कद्दूकस किये हुया खीरा, काली मिर्च, सादा नमक, काला नमक भूना हुआ जीरा, दही में डाल कर अच्छी तरह मिला लें। 
  • देखिए, कुछ ही मिनट में आपकी टेस्टफुल मेनू में आपका खीरे का रायता तैयार है। 
  • रायते को प्याले में निकाल लें। 
  • रायते में आप ऊपर से जीरा पाउडर डाल लें। 
  • आप चाहे तो बर्फ का एक-दो टुकड़ा भी डाल लें। 

अब शौक से आप खीरे का रायता परोसें। 
                                           ----------

Wednesday, 11 May 2016

पनीर पराठा



पनीर पराठा। नाम सुनते ही सबके मुँह में पानी आ जाता है। पनीर ऐसा डेयरी प्रोडक्‍ट हैं जो स्‍वास्‍थ्‍य के लिहाज से बहुत ही अच्छा माना जाता है। पनीर बेहद ही स्‍वास्‍थ्‍यवर्धक आहार माना जाता है। बच्‍चों को भी पनीर बहुत पसंद होता है। अगर आप का भी बच्‍चा पनीर पसंद करता है तो उसके लिये आप पनीर पराठा अवश्य बनाएँ। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में अपने बच्चे को ध्यान में रखकर पनीर पराठा बनाया है। आइये आप भी स्‍वादिष्‍ट पनीर-पराठा बनाइए।
पनीर पराठा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री -
  • गेहू का आटा -400 ग्राम
  • पनीर - 250 ग्राम
  • हरी मिर्च - 2 बारीक काटी गई
  • अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा (कद्दू कस किया हुआ)
  • हरा धनिया - एक बड़ा चम्मच( बारीक कतरा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल या घी - तलने के लिए
पनीर पराठा कैसे बनाएँ?
  • आटे को छान कर एक बर्तन में निकाल लीजिये.
  • आटे में आधा एक चिटकी नमक तथा 2 चम्मच तेल डालें।
  • गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथ लें।
  • पनीर को कद्दूकस कर लें। 
  • अब उसमे हरी मिर्च, अदरक, हरा धनियां, धनियां पाउडर, लालमिर्च पाउडर और नमक मिला लें।
  • अब पराठे में भरने के लिए पनीर का मिश्रण तैयार है।
  • तवा गैस पर रख कर गरम करें।
  • आटे से थोड़ा सा आटा तोड़ें।
  • गोल करके लोई बनाएँ।
  • लोई को सूखे आटे में लगाकर गोल - गोल बेल लें।
  • 2 छोटे चम्मच पनीर का मिश्रण बेले गये परांठे पर रखें। 
  • पराठे को चारों ओर से उठा कर बन्द कर लें।
  • इस पनीर भरे हुये गोले को हथेली और उगलियों की सहायता से बड़ा कर लें।
  • अब बेलन की सहायता से इसे बेलें।
  • बेले हुये परांठे को गरम तवे पर डालें।
  • दोंनो ओर घी लगा कर, पलट पलट कर ब्राउन होने तक सेंके।
  • अब परांठे को तवे से उठा कर प्लेट में नैपकिन पेपर विछा कर रखें।
  • इस प्रकार सारे परांठे तैयार कर लें।
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए हर दिल अज़ीज़ पनीर के गरमा गरम परांठे तैयार है। 


इसे आप रायता, चटनी और अपने मन पसन्द सब्जी के साथ परोसें और खाएँ।
-------------

Monday, 9 May 2016

पुदीने की शिकंजी

गर्मी के शुरू होते ही सबके खानपान में भी बदलाव आ जाता है। हल्के-फुल्के भोजन के साथ लोग एनर्जेटिक पेय पदार्थों को खूब पसंद करते हैं। खासकर ऐसे पेय पदार्थ जो प्राकृतिक हो और शरीर में शीतलता बनाए रखें। वैसे तो हर शहर, हर घर में कई तरह के पेय पदार्थ मिलते हैं लेकिन कुछ ऐसे हैं, जो कहीं नहीं मिलते। इनमें से एक है पुदीने की शिंकजी। आमतौर पर गर्मी में नीबू की शिकंजी ज्यादा चलती है, लेकिन इसमें पुदीने की ठंडक और नींबू की खटास मिल जाए तो स्वाद और असर दोगुना हो जाता है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में पुदीने की शिकंजी रखी है। गर्मी के मौसम में इसे सबको पीना चाहिए। 
पुदीना शिकंजी एक ऐसा पेय है जो हर किसी को पसंद है। गर्मियों में इसके स्वाद की याद आते ही मन ठंडा अनुभव करने लगता है। आप भी अपने घर में बनाइए। विश्वास कीजिए, सबको पसंद आएगा। 
पुदीने की शिकंजी के लिए आवश्यक सामाग्री -
  • पुदीना पत्ता - 1 कटोरी 
  • शक्कर - 2 चम्मच 
  • जलजीरा - 1 चम्मच 
  • निंबू - 2 
  • सोडा वाटर - 3-4 चम्मच
  • आइस क्यूब - 7 -8 
  •  काला नमक - स्वादानुसार 

पुदीने की शिकंजी कैसे बनाएँ?
  • पुदीने की शिकंजी बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास में ठंडा पानी लें। 
  • अब ठंडे पानी में एक चम्मच शक्कर बूरा डालें। 
  • अब स्वादानुसार काला नमक और जलजीरा डालें। 
  • इसके बाद पुदीने के पत्तों को तोड़ें तथा मिक्सर में पीसकर उसका रस निकालें। 
  • रस को छानकर गिलास में डालें। 
  • दो नींबू का रस भी इसमें डालें। 
  • इसके बाद इसमें 3-4 चम्मच सोडा वाटर मिलाएँ।  
  • अब जब सभी चीजें गिलास में डाल लें, तब चम्मच से मिलाएँ। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए पुदीने की शिकंजी तैयार है। 
  • इस शिकंजी को आप दो गिलास में आधा-आधा कर लें। 
  • गिलास में 3-4 आइस क्यूब डाल कर शीतल, स्वादिष्ट पुदीने की शिकंजी का आनंद लें। 

                                                 ------------

Wednesday, 4 May 2016

कच्चे आम का सलाद


   क्या आप अपनी बचपन को याद करना चाहती हैं?



हम समय के साथ दौड़ लगाते हुए बचपन की छोटी-छोटी खुशियों को भी भूल जाते हैं। जिम्मेदारियों की दुनिया अपने अपने ही रंग में रंग देती है। आज मैने अपनी टेस्टफुल मेनू के माध्यम से यह प्रयास किया है कि आपको आपकी बचपन में ले जाऊँ। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में कच्चे आम का सलाद रखा है।
    बचपन में हम बगीचे से दो-चार कैरियाँ (कच्चे आम) तोड़ लाते थे और सभी भाई-बहन मिलकर बड़ी ही लगन से कच्चे आम का सलाद बनाते थे और चटखारे ले-लेकर खते थे। अब तो आप भी मानेंगे कि कच्चे आम का सलाद सबको लुभाता है। 
    यह तो सभी जानते हैं कि सलाद खाने से त्वचा स्वस्थ रहती है। चाहे डाइटीशियन हो या ब्यूटीशियन, सलाद खाने के लिए सभी कहते हैं। कच्चे आम के सलाद की यादें तो हमारी बचपन से जुड़ी हैं, तो इसका लाभ दोगुना हो जाता है। तो आइए, आज हम यह चटपटा मजेदार सलाद बनाते हैं।
कच्चे आम का सलाद बनाने के लिए आवश्यक समाग्री -
  • कच्चा आम - 1 
  • प्याज - 1 
  • खीरा - 1/2 
  • हरी मिर्च - 1 
  • नींबू - 1/2
  • आॅलिव आॅयल - 4 बूँद
  • नमक - स्वादानुसार

नोट - आप इस सलाद में टमाटर, धनिया पत्ती, लाल मिर्च, चाट मसाला भी डाल सकती है।
कच्चे आम का सलाद कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले कच्चे आम और खीरे को छीलकर बारीक काट लें।
  • अब प्याज अैर हरी मिर्च को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • अगर आप टमाटर डाल रही हैं तो उसे भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • एक कटोरी कटा हुआ कच्चा आम, खीरा, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च आदि मिलाएँ।
  • अब उसमें नींबू रस, आॅलिव आॅयल और स्वादानुसार नमक डालें तथा अच्छी तरह मिलाएँ।
  • इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए चटचटा कच्चे आम का सलाद तैयार हो गया।

आप खायें और बचपन में खो जाएँ।     
                                 --------------