बरसात की शुरुआत होती नहीं कि काले जामुन का आगमन हो जाता है। यह बहुत ही कम समय के लिए आने वाला फल तो है, लेकिन बेहद लाभदायक फल है। यह स्वाद और सेहत से भी भरपूर होता है। जामुन में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा पाया जाता है। जामुन के सेवन से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। जामुन पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि डायबिटीज वाले लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं।
आपने जामुन को कभी यूँ ही तो कभी नमक के साथ खाया होगा। आज मैं इसे पीने के लिए प्रेरित करुँगी। जी, आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में जामुन पन्ना रखा है। यह बनाने में रोचक और पीने में स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य की दृष्टि से फायदेमंद भी है।
जामुन पन्ना के लिए आवश्यक सामग्री -
- काला जामुन - 100 ग्राम
- काला नमक -1/4 चम्मच
- भूना जीरा पाउडर - 1/2 चम्मच
- चीनी - 1 चम्मच
- पुदीना पत्ता - 5-7
जामुन पन्ना कैसे बनाएँ ?
- सबसे पहले जामुन को साफ धो लें।
- अब एक कटोरे में रखकर एक गिलास पानी डालें।
- हाथ से मिलकर जामुन के सारे बीज निकाल लें।
- अब मिक्सी में काला नमक, चीनी और पुदीना पत्ता डालकर पीसें।
- पूरी तरह से पीस जाने के बाद इसे किसी गिलास में छान लें।
- ऊपर से जीरा पाउडर डालें और पुदीना पत्ते से सजाकर पीएं।
आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए आज का स्पेशल जामुन पन्ना तैयार है।
-------------
No comments:
Post a Comment