जैसे अंगूर का सूखा हुआ रूप किशमिश होता है उसी तरह खजूर का सूखा हुआ रूप छुआरा होता है। पौष्टिकता से भरपूर छुआरा गर्म तासीर है इसलिए इसकी उपयोगिता सर्दियों में बढ़ जाती है। वैसे इसका सेवन सालभर किया जा सकता है।
छुआरे की अनेक विशेषताएँ हैं। सुबह-शाम दो छुआरा (छुहारा) चबाकर खाने और हल्का गर्म पानी पीने से कब्ज दूर होता है। छुआरे और गाय का दूध पीने से शरीर में कैल्शियम की कमी पूरी होती है। छोटे बच्चों को छुहारे खिलाने से उनके बिस्तर पर पेशाब करने की समस्या दूर होती है। दो छुहारे दूध में उबालकर रात को खाने और दूध पीने से स्वर बहुत सुरीला होता है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में अनेक गुणों से भरपूर छुआरे की चटनी रखा है। आप भी कभी बनाकर देखिए।
छुआरे की चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -
- छुआरे - 100 ग्राम
- टमाटर - 1 (बारीक़ कटा हुआ)
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
- भुना जीरा - 1/2 चम्मच
- अदरक - 1चम्मच (बारीक़ कटा हुआ)
- नमक - स्वादानुसार
- घी - 1 चम्मच
छुआरे की चटनी कैसे बनाएँ?
- सबसे पहले सभी छुआरे को 2 घंटे के लिए एक कप पानी में भींगो दें।
- छुआरे पूरी तरह से फूलकर मुलायम हो जायेंगे।
- अब सभी छुआरों के बीच में से गुठली निकाल लें।
- फिर इसे धो लें।
- अब मिक्सी में छुआरे के साथ टमाटर, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा, अदरक और नमक डालकर बारीक पीस लें।
- 8-10 दाना जीरा बचा लें।
- अब एक पैन में घी डालकर गर्म करें।
- पैन में बचा जीरा डालें और चटकाएं।
- अब मिक्सी में पिसे गए चटनी को छौंक कर 8-10 मिनट तक पकाएँ।
लीजिए अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए छुआरे की चटपटी चटनी तैयार है।
------------
No comments:
Post a Comment