Monday, 5 October 2015

आलू टिक्की


   आलू टिक्की उत्तर भारत की सबसे लोकप्रिय स्नैक्स है। तैयार होते समय ही टिक्की की सोंधी सुगंध मन को बेचैन कर देती है। बाजार में तो आलू टिक्की ढेर सारे तेज में तल कर बनाते हैं, मगर हम घर में नाम मात्र के तेल या घी के प्रयोग से अर्थात आयललेस ही बना सकते हैं और अपने टेस्टफुल मेनू में रखकर किसी भी प्रकार की चटनी के साथ पेट-पूजा में सम्मिलित कर सकते हैं। 

आलू टिक्की के लिए सामाग्री -
  • आलू - 4-5 (उबला हुआ)
  • हरी मिर्च - 2-3 (कटी हुई)
  • लाल मिर्च - 2-3 (कटी हुई)
  • धनिया पत्ता - 1/2 कटोरी (कटा हुआ)
  • तेल या घी - 1 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार  

आलू टिक्की कैसे बनाएँ?
  • हरी व लाल मिर्च की डंठल हटाकर उसे अच्छे से धोकर महीन काट लें।
  • अब उबले आलू को छिलकर अद्दूकस कर लें तथा स्वादानुसार नमक डाल लें।
  • कद्दूकस किए गए आलू में कटी हरी मिर्च, लाल मिर्च व कटा धनिया डाल लें।
  • सारी सामग्री डालने के बाद अच्छी तरह से मिलाएँ।
  • अब मसले आलू को हथेली की सहायता से गोलकर के अंत में थोड़ा चिपका दें।
  • टिक्की का रूप मिल जाएगा।
  • अब तवा गरम करें तथा दो-तीन बूंद तेल या घी डालकर टिक्की को पलट-पलट कर अच्छी तरह से सेंक लें।
  • जब टिक्की दोनों तरफ लाल और करारी हो जाए तब निकाल लें।
  • अब आपकी टेस्टीफुल मेनू के लिए आलू टिक्की तैयार है, वह भी आयललेस।
   अब आप तैयार टिक्की को खट्टी, मिठी, तीखी, किसी भी प्रकार की चटनी के साथ परोसें। आप चाहें तो खट्टी, मिठी चटनी के साथ दही भी डाल सकती हैं।
                                                               -------------------

Saturday, 3 October 2015

टमाटर की चटनी

    टमाटर विश्व में सबसे ज्यादा प्रयोग होने वाली सब्जी है। बहुत से लोग तो ऐसे हैं जो बिना टमाटर के खाना बनाने की कल्पना भी नहीं कर सकते। यह जितना देखने में अच्छा लगता है, उतना ही वह खाने में स्वादिष्ट भी है और स्वास्थ्यवर्द्धक भी। हम सामान्यतः टमाटर का उपयोग सब्जी के रूप में करने के साथ-साथ सलाद और चटनी तथा सूप के रूप में भी करते हैं। टमाटर में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, फास्फोरस व विटामिन सी पाये जाते हैं। एसिडिटी की शिकायत होने पर टमाटरों की खुराक बढ़ाने से यह शिकायत दूर हो जाती है। बेहद लोकप्रिय टमाटर की चटनी को बहुत ही कम समय में बनाया जा सकता है। यह चटनी नाश्ते में समोसे, आलू बड़ा, पकोड़े, बड़े, डबलरोटी आदि के साथ आसानी से खायी जा सकती है। वैसे टमाटर की मीठी चटनी टुमैटो कैचप या सॉस के रूप में आम बाज़ार में भी मिलती है, मगर अपने किचेन का स्वाद ही कुछ अलग होता है। आइए आज मैं टेस्टफुल मेनू के लिए टमाटर की चटनी बनाती हूँ। 

टमाटर की चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • बड़े टमाटर कटे हुए -2 
  • बड़ी प्याज कटी हुई -1 
  • अदरक लहसुन का पेस्ट - 2 चम्मच 
  • पिसी हुई लाल मिर्च -  2 चम्मच 
  • तेल -  2 चम्मच 
  • धनिया पत्ती - 1 कटोरी (कटी हुई)
  • नमक स्वादानुसार
  • गरम मसाला - 1 चिटुकी 

कैसे बनायें टमाटर की चटनी?


  • कढ़ाई में तेल गरम कर कटी हुई प्याज डालकर गुलाबी होने तक भूनें।
  • अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर दो तीन मिनट तक भूनें।
  • कटे हुए टमाटर और नमक मिला कर ढँक दें।
  • टमाटर गलने तक पकाएँ।
  • लाल मिर्च, नमक और गरम मसाला मिला कर ठंडा होने दें।
  • मिक्सी में पीस लें। 
  • अब ऊपर से धनिया पत्ती डाल लें। 

    अब इतने कम समय में आपकी टेस्टफुल मेनू में टमाटर की चटनी शामिल हो गई। इसे आप बड़े उत्साह से समोसे, कचौरी, चाट या लंच-डिनर के साथ रख सकती हैं। खाने वाला अंगुलियाँ चाटते रह जाएगा। 
                                                          ------------------

नमकीन पोहा (चिवड़ा)

   चाहे बच्चे हो या बड़े, नमकीन तो सबको बहुत पसंद होती है, मगर जब स्वास्थ्य को ध्यान में रखा जाता है तो हम घर में बनी चीजों को महत्त्व देते हैं। आज हम अपने टेस्टफुल मेनू के लिए नमकीन घर में बनायेगे जो खाने में बहुत स्वादिष्ट होती है और साथ ही इसे खाने से न ही आप मोटे होंगे और न ही आपके स्वास्थ्य पर कोई फर्क पड़ेगा। जी हाँ, घर में पोहा तो सभी को पसंद होता है और साथ ही ये हर घर में खाया भी जाता है। पोहे को चिवड़ा भी कहा जाता है। तो आज हम इसी की नमकीन बनायेगे जिसे आप चाहें तो एयर टाइट डब्बे में रख कर महीनों तक  खा सकते है। 
नमकीन पोहा (चिवड़ा) के लिए आवश्यक सामग्री -


  • पोहा (चिवड़ा) –  2 कटोरी
  • मूंगफली दाने  – 1 कटोरी
  • लहसुन - 1 कली (कटा हुआ)
  • प्याज - 1 कटोरी  (कटा हुआ)
  • हरी मिर्च – 6-7 लम्बी कटी हुई
  • तेल- 2 छोटे स्पून
  • नमक – स्वादानुसार
नमकीन पोहा (चिवड़ा) कैसे बनायें?


  • पोहे की नमकीन बनाने के लिए पहले मूंगफली के दाने को गरम तेल में डालकर भून लें।  
  • हल्का भूरा होने तक तले और फिर निकाल लें।
  • अब हरी मिर्च को लम्बा काट कर दो भाग में कर लें।
  • अब जिस तेल में आपने मूंगफली के दाने भूने थे, उसी तेल में हम नमकीन बनायेगे।  
  • नमकीन बनाने के लिए तेल को गरम करे और जब गरम हो जाने पर उसमे कटा हरी मिर्च, लहसुन और प्याज डाल दें।  
  • अब कुछ देर भुनने के बाद इसमें सारा पोहा डालें और अच्छे से मिलाएँ। 
  • अच्छे से मिलाने के बाद इस में स्वादानुसार नमक डाल दें और फिर से अच्छे से चलाए। 
  • अच्छे से चलाते हुए  मीडियम गैस पर कुछ देर तक भूने।  
  • अब इसे कम गैस पर तब तक भूनें, जब तक की पोहा कुरकुरा न हो जाये। 
  • जब पोहा कुरकुरा हो जाए तब उसमे भुनी हुई मूंगफली मिला लें। 

    इस प्रकार आपके टेस्टफुल मेनू के लिए नमकीन पोहा (चिवड़ा) तैयार है। जब ये ठंडा हो जाए तब इसे एयर टाइट डब्बे में भरकर रख लें और जब भी दिल करे निकालकर खाए। इसे आप शाम की चाय के साथ भी रख सकती हैं। 
                                                    ---------------------

तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी


    नेनुआ की सब्जी मधुमेह के रोगियों के लिए बहुत ही फायदेमंद है। यह ब्लड शुगर को तुरंत कंट्रोल करता है। इसका नियमित सेवन बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए फायदेमंद है। आयुर्वेद में इसे कफ और पित्त नाशक माना गया है। इसमें फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाया जाता हैं। तोरई का प्रयोग मधुमेह, नेत्र रोग, पीलिया, संक्रमण, त्वचा रोग जैसे कई अन्य बीमारियों के इलाज में किया जाता है।
    आज मैं अपने टेस्टफुल मेनू में तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी लेकर आई हूँ। बहुत सारे लोगों को तोरई की सब्जी खाना बिल्कुल पसंद नहीं हैं, लेकिन तोरई (नेनुआ) में चने की दाल डालकर बनाया जाए तो यह बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। तो चलिये आज बनाते हैं - तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी। 


तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • तोरई (नेनुआ) - 500 ग्राम
  • चने की दाल - 100 ग्राम ( 1/2 कप )
  • टमाटर - 2
  • हरी मिर्च - 2 
  • अदरक - 1 चम्मच पेस्ट 
  • तेल या घी - 1 -2 टेबल स्पून
  • हींग - 1 चुटकी
  • जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1 चुटकी
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 चुटकी
  • नमक - स्वादानुसार 

तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी कैसे बनायें विधि?
  • चने की दाल को 2 -3 घंटे पहले पानी में भिगो कर रख दीजिये।
  • तोरई (नेनुआ) को छील कर धो लीजिये और चाकू से उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लीजिये।
  • मिक्सर में टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को बारीक पीस लीजिये।
  • कूकर में तेल गर्म कर हींग व जीरा भून लीजिये और उसके बाद इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर व टमाटर का पेस्ट डाल कर मसाले को तब तक भूनिये जब तक कि उसके ऊपर तेल ना तैरने लगे। 
  • अब इस भुने मसाले में तोरई (नेनुआ) व चने की दाल डाल कर 2-3 मिनट तक भूनिये और फिर 1 कप पानी व स्वादानुसार नमक डाल कर मिला दीजिये। 
  • अब कूकर बंद कर दीजिये।
  • कूकर में 1 सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दीजिये। 
  • सब्जी को 4 - 5 मिनट तक पकने दीजिये। 

    अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए तोरई (नेनुआ) और चना-दाल की सब्जी तैयार है। 
                                                 -------------------

Friday, 2 October 2015

मूँगफली की चटनी

    मूंगफली के दानों की चटनी बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। हमें अक्सर दक्षिण-भारतीय व्यंजनों के साथ खाने के प्लेट की शोभा बढ़ाती हैं। आज मैंने इसे अपने टेस्टफुल मेनू में रखा है। वैसे तो इसे इडली व डोसे के साथ खाया जाता है, पर जब चटनी शब्द सुन लिया तो बहाना कोई भी हो, जीभ पर चटखार आ ही जाता है।  मूँगफली की चटनी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे आप 3-4 दिन तक फ्रिज में रख के जब मन चाहे खा सकते हैं।

मूँगफली की चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • मूंगफली के दाने भूने और छिले हुए - 1 कटोरी
  • हरी मिर्च - 2-3
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1-2 चुटकी
  • नींबू - 1
  • रिफाइन्ड या सरसों तेल - 2 छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार


कैसे बनायें मूँगफली की चटनी?
  • मिक्सी में भूनी हुई मूँगफली, जीरा, हरी मिर्च और नमक डालकर जरा सा पानी डालें ताकि मूँगफली अच्छी तरह पिस जाए।
  • चटनी को कटोरी में निकालें 
  • अगर यह आपको बहुत अधिक गाढ़ी लगे तो थोड़ा पानी और मिला दें। 
  • अब इसमें नीबू का रस निकाल कर मिला दें। 
  •  गैस पर छोटी कढ़ाई गरम कीजिये और तेल डालें।   
  • गरम तेल में जीरा  डालें और भुन जाने पर गैस बन्द कर के 1-2  चुटकी लाल मिर्च पाउडर डालें। 
  • अब तड़के को चटनी में डालकर चम्मच से एक दो बार चला दें। 
  • अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए चटनी तैयार है। 

                                                            --------------

राइस चिल्ला

    मैं हमेशा ऐसा बे्रकफास्ट तैयार करना चाहती हूँ जो दिन भर दिल और दिमाग से जाए नहीं। छुट्टियों के दिन थोड़ा अधिक समय लग जाता है तो भी कोई चिंता नहीं रहती। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में राइस-चिल्ला रखा है। आइए, आपके साथ शेयर करती हूँ।
राइस चिल्ला के लिए सामग्री -
  • राइस  (चावल) 1 गिलास
  • चना का दाल 1/2 गिलास
  • प्याज़ 1
  • हरी मिर्च 2-3
  • लहसुन की  कली 2-3
  • सरसो का तेल 2 बड़ी चम्मच
  • बारीक कटा हुआ टमाटर - 2 
  • हल्दी 1 चम्मच 
  • नमक स्वादानुसार

राइस चिल्ला बनाने की विधि -
  • चावल और दाल को रात में भिगो कर रख दे। 
  • चिल्ला बनाने के कुछ घंटे पहले ही चावल और दाल को पीस कर किसी बरतन में  रख लें। 
  • अब उसमे प्याज, टमाटर तथा स्वादानुसार नमक मिलाएँ। 
  • हल्दी और पीसी हुई हरी मिर्च को डालकर पानी के साथ मिला थोड़ा गाढ़ा घोल तैयार कर लें।  
  • चिल्ला बनाने के लिए गैस पर तवे को रखे और 3-4 बूंद तेल डालकर फैलाएं। फिर कटोरी की सहायता से घोल को फैलाएं। 
  • अब दूसरे तरफ भी 3-4 बूंद तेल की डालकर पका ले।
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू में झटपट एक स्वादिष्ट बे्रकफास्ट तैयार हो गया।

     तैयार राइस चिल्ला को किसी भी चटनी के साथ बे्रकफास्ट में रखें। खाने वाले उंगलियाँ चाटते रह जाएँगे। एक गृहिणी के रूप में हम चाहते भी तो यहीं हैं!
                                                            ------------

Thursday, 1 October 2015

चिली चटनी

   आपका भी मन करता है न कि कभी-कभी आपके टेस्टफुल मेनू कुछ तीखा हो? कुछ ऐसा तीखा, जो आसानी से आप अपने किचेन में बना सकती हैं। तो आइए, आज मैं चिली (हरी मिर्च) की चटनी बनाना बता रही हूँ जो आप झटपट बनाकर किसी भी स्नैक के साथ रख सकती हैं। 

चिली चटनी की सामग्री -
  • चिली (हरी मिर्च) = 8-10
  • नींबू का रस = 2 चम्मच
  • लहसुन - 1 कली (भूनकर)
  • अदरक = 1 इंच
  • सरसों का तेल - 1 चम्मच 
  • अजवाईन - 1/2 चम्मच 
  • नमक - स्वादानुसार 
  • आप चाहें तो इसे आप अपने टेस्टफुल मेनू में पुदीने की पत्ती या धनिया पत्ती से सजा सकती हैं। 

चिली (हरी मिर्च) चटनी बनाने की विधि - 
  • लहसुन को छीलकर उसकी कलियों को महीन काट लें। 
  • चिली (हरी मिर्च) की डंठल निकाल लें। 
  • भुने लहसुन को साफ कर लें। 
  • अब चिली  (हरी मिर्च), नीबू का रस, अदरक, लहसुन और नमक आदि को मिलाकर मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें।  
  • आप चाहें तो समय-समय पर पानी डालकर भी इसे पीस सकती हैं। 
  • जब इन सभी का अच्छा पेस्ट बन जाए तो मिक्सी बंद कर दें। 
  • कटोरी में तेल डालकर चटनी डालें तथा चम्मच की सहायता से मिलालें। 
    अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए चिली (हरी मिर्च) चटनी तैयार है। अब आप इस चिली (हरी मिर्च) की चटनी को किसी भी स्नैक के साथ परोस सकते हैं। अहा! आ गया न मुँह में पानी? तो बस शुरू हो जाइए। 
                                                       -------------------------