Monday, 14 December 2015

मेथी के पकौड़े

    मेथी खून में शुगर की मात्रा को संतुलित करती है। मेथी के पत्ते कोलेस्ट्रोल को नियंत्रित रखते हैं। इसलिए हार्ट अटैक के रिस्क को कम करता है। मेथी आयुवेर्दिक दृष्टि से सेहत के लिए बेहद स्वास्थवर्धक है। विटमिन से भरपूर मेथी के पत्ते सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं लेकिन बहुत से लोग लगातार हरी पत्तेदार का सेवन नहीं कर पाते हैं। अगर इन्ही हरे पत्तों को कुछ खास तरीके से पेश किया जाए तो सबको पसंद आता है। आज अपने टेस्टफुल मेनू में मेथी का पकौड़ा मेरी कुछ ऐसी ही कोशिश है। आप भी ट्राई कर के देखिए, आपको भी बेहद पसंद आएँगा। 
मेथी के पकौड़े के लिए आवश्यक सामग्री -
  • हरी मेथी की पत्ती - 250 ग्राम (कटी हुई)
  • बेसन  -  300 ग्राम
  • अजवाइन - एक छोटा चम्मच
  • लहसुन  -  5-6 कलियाँ 
  • अदरक - 1 चम्मच (कद्दूकस)
  • हरी मिर्च  -  2-3 (कटी हुई)
  • तेल - तलने के लिए 
  • नमक - स्वादानुसार  


मेथी के पकौड़े कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले बेसन में नमक, अजवाइन और पानी डालकर फेंट लें। पकौड़े के लिए बेसन ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए। 
  • अब मेथी के पत्तों को धुलकर उसकी जड़ें और मोटे डंठल को निकाल लें तथा पत्तियों और नरम तने को बारीक काट लें। 
  • अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को बेसन में डाल लें। 
  • अब पूरे मिश्रण को अच्छी तरह से फेंट लें। 
  • कड़ाही में तेल को गर्म करें तथा जब तेल तलने के लिए अच्छी तरह से गर्म हो जाए तो गैस की आँच कम कर लें। अब पकौड़े के लिए तैयार मेथी को चम्मच से उठाकर गर्म तेल में डालें और ब्राउन होने तक तलें। 
  • अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए मेथी के पकौड़े तैयार हैं।  

    मेथी के पकौड़े को प्लेट में निकालकर सॉस, हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ सर्व कीजिए। निश्चय ही खाने वाले के मुँह से वाह निकलेगा। 
                                                             -------------

Sunday, 13 December 2015

हरे टमाटर की चटनी

    टमाटर सिर्फ स्वाद में ही खट्टा-मीठा नहीं होता बल्कि टमाटर कई तरह के औषधिय गुणों से भी भरपूर होता है। टमाटर एंटी-ऑक्सीडेंट और खासकर लाइकोपीन से भरपूर होता है। टमाटर में प्रोटीन, विटामिन, वसा आदि तत्व विद्यमान होते हैं। यह सेव व संतरा, दोनों के गुणों से युक्त होता है। कार्बोहाइड्रेट की मात्रा कम होती है इसके अलावा भी टमाटर खाने से कई लाभ होते हैं। पौष्टिक तत्वों से भरपूर टमाटर हर मौसम में फायदेमंद है। इसे सब्जी में डालकर या सलाद के रूप में तो सभी खाते हैं, आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में हरे टमाटर की चटनी रखी है। आइए बनाते हैं। 
हरे टमाटर की चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -


  • हरा टमाटर – 4 
  • हरा धनिया – ½ कप (बारीक कटा हुआ)
  • अदरक – 1 इंच
  • हरी मिर्च – 2 
  • लहसून - 3-4 दाने 
  • नमक – 1 स्वादानुसार
  • तेल – 1 छोटी चम्मच
हरे टमाटर की चटनी कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले गैस पर जाली रख कर, टमाटर को जाली के ऊपर रख कर, ऊपरी परत काली होने तक भून लें। 
  • टमाटरों को भूनते समय घुमाते रहिये ताकि चारो ओर से अन्दर तक अच्छी तरह भून जाए।  
  • भून जाने पर तथा ठंडा होने के बाद इन टमाटरों पर से छिलका उतार लें। 
  • अब प्लेट में टमाटर को चाकू से छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें। 
  • अब उसमे कटी हरी मिर्च, कटा अदरक, कटा हरा धनिया, कटा लहसून और स्वादानुसार नमक मिला लें। 
  • छोटी कढ़ाई में 1 छोटे चम्मच तेल डाल कर गरम करें तथा तैयार किए गए टमाटर की चटनी को छौंक कर एक मिनट तललें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए हरे टमाटर की चटनी बनकर तैयार है। 

    आप लंच या डिनर के साथ परोसिए और देखिए कि खाने वाले को एक अलग स्वाद का एहसास होगा। 
                                                         -----------------

Saturday, 12 December 2015

हरे प्याज के पकौड़े

   हरे प्याज के पकौड़े बहुत ही स्वादिष्ट रैसिपी हैं जो किसी भी मेहमान के आने पर तो अक्सर ही बन जाया करते हैं। मेहमान ही नहीं, इस जाड़े के मजेदार मौसम में आप अपने टेस्टफुल मेनू में कभी भी हरे प्याज के पकौड़े रख सकती हैं। इस गरमा-गरम पकोड़े का खास स्वाद जाड़े में और बढ़ जाता है। आइए आज अपने किचेन में हरे प्याज के पकौड़े बनाते हैं। 
हरे प्याज के पकौड़े के लिए आवश्यक सामग्री - 


  • हरे प्याज़ - 15 - 20  पत्तियों के साथ कटा हुआ 
  • अदरक पेस्ट -  1 चम्मच
  • हरी मिर्च - 1-2 बारीक़ कटा हुआ 
  • लहसुन पेस्ट -  1  चम्मच
  • बेसन - 200 ग्राम  
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटे चम्मच
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल - तलने के लिए 
हरे प्याज के पकौड़े कैसे बनाएँगे?
  • सबसे पहले हरे प्याज को अच्छे से पानी से साफ कर लें। 
  • प्याज को छलनी में रख दे जिससे बचा पानी अच्छे से निकल जाए। 
  • अब हरे प्याज को बारीक़ काट लें और एक बर्तन में रख लें। 
  • कटे हरे प्याज में अदरक पेस्ट, लहसून पेस्ट,  लाल मिर्च पाउडर, नमक , हरी मिर्च और बेसन डालकर अच्छी तरह मिला लें। 
  • एक कढाई में तेल डाल कर गरम करें। जब तेल गर्म हो जाएँ तो कड़ाही में पकौड़े डालकर करारे होने तक तलें।

    अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए हरे प्याज के पकौड़े तैयार हैं। इसे आप किसी भी चटनी के साथ रखिए और गरमागरम चाय-कॉफ़ी के साथ जाड़े का आनंद लीजिए। 
                                                          ----------------

Friday, 11 December 2015

हरी मिर्च की सब्जी

    आपने कभी हरी मिर्च की सब्जी खाया है? आज फिर उस स्वाद का आनंद लीजिए। हरी मिर्च को छौंक कर बने मसालेदार मिर्च की सब्जी आपकी थाली का स्वाद बढ़ा देगी। आप भी अपने टेस्टफुल मेनू में एक बार हरी मिर्च की सब्जी तैयार कीजिए। आज मैंने भी अपनी मेनू में हरी मिर्च की सब्जी रखा है। 
हरी मिर्च की सब्जी के लिए आवश्यक सामग्री - 
  • हरी मिर्च - 200 ग्राम (मोटी)
  • सरसों तेल - 4 टेबल स्पून
  • हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
  • सरसों पेस्ट  - 4 चम्मच
  • लहसुन पेस्ट  - 1 चम्मच
  • सौंफ पाउडर - ½  चम्मच
  • जीरा - ½ छोटी चम्मच
  • नमक -  स्वादानुसार

हरी मिर्च की सब्जी कैसे बनाएँ -
  • सबसे पहले मिर्च को धोकर डंठल तोड़ लें। 
  • अब आधा-एक इंच के टुकडों में काट कर तैयार कर लें। 
  • पैन में तेल डालकर गरम करें।  
  • गर्म तेल में जीरा डाल दें तथा ब्राउन होने के परलहसुन पेस्ट, हल्दी पाउडर और कटी हरी मिर्च भी डाल दें।
  • अब इसमें सौंफ पाउडर,  सरसों पेस्ट और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला लें। 
  • 1-2 मिनिट चलाते हुए पकाने पर सारे मसाले मिर्च में अच्छे से मिल जायेंगे। 
  • अब मिर्च को ढककर 2 मिनट के लिए धीमी आंच पर पकाएँ। 
  •  2 मिनिट बाद आँच को थोडा़ सा तेज करें और ढक्कन हटा कर मिर्चों का पानी सूखा लें।  
  • पानी सूख जाने के बाद आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए हरी मिर्च की सब्जी तैयार है। 

अब आप लंच या डिनर के साथ थाली में रखिए। आपको अद्भुत स्वाद का आनंद मिलेगा। 
                                                           ------------

Thursday, 12 November 2015

पनीर-ग्रीन बीन्स की सब्जी

   दुनिया में सबसे ज्यादा पनीर की सब्जी बनती है। शाही पनीर से लेकर भुर्जी पनीर तक। यह केवल जीभ के लिए नहीं, स्वास्थ्य के लिए भी बहुत लाभदायक है। पनीर के सेवन से हड्डियाँ मजबूत होती हैं। इसमें मौजूद तत्व पाचन शक्ति बढ़ाते हैं। पनीर तनाव कम करने में भी मददगार है। दूध में मौजूद सभी पोषक तत्व जैसे प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन बी-2, बी-12, ए व डी सभी पनीर में भी रहते हैं। अभी की खोजों से पता चला है कि पनीर दांतों के लिए भी लाभकारी होता है। उसमें पाए जाने वाले खनिज, लवण, कैल्शियम और फॉस्फोरस दांतों के इनैमल की रक्षा करते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में मैंने पनीर के साथ ग्रीन बीन्स रखा है। पनीर की तरह ग्रीन बीन्स भी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती हैं। ग्रीन बीन्स में काफी मात्रा में प्रोटीन होता है। यह डायबिटीज के लिए काफी लाभदायक होती है। इसमे कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों के क्षरण को रोकता है। ये कोशिकाओं की क्षति को ठीक करके नई कोशिकाओं के बनने को प्रोत्साहित करता है। ग्रीन बीन्स में कैरोटीनॉएड्स मौजूद होते हैं जो आंखों के अंदरूनी हिस्से के तनाव को कम करने का काम करते हैं। हर रोज ग्रीन बीन्स के सेवन से एक खास किस्म के कोलोन कैंसर के होने का खतरा कम हो जाता है। फ्लेवेनॉएड्स की मौजूदगी की वजह से बीन्स दिल के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं। इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए सामग्री भी बहुत कम लगेगी।
पनीर-ग्रीन बीन्स की सब्जी के लिए सामग्री -
  • ग्रीन बीन्स - 1 गुच्छा (छोटे आकार के टुकड़ो में कटी)
  • पनीर- 250 ग्राम (छोटे आकार के टुकड़ो में कटी)
  • गाजर - 2 (छोटे आकार के टुकड़ो में कटा)
  • प्याज -  (मध्यम आकार का बारीक कटा) 
  • जीरा - 1/2 टेबल-स्पून
  • धनिया पाउडर - 1 टेबल-स्पून
  • हल्दी पाउडर - 1 टेबल-स्पून
  • नमक स्वादानुसार 
  • रिफाइंड तेल - 2 टेबल-स्पून  

पनीर-ग्रीन बीन्स की सब्जी कैसे बनाएँ ?
  • एक कढाई में तेल गरम करें और जीरा डालकर चटकने दें। 
  • अब प्याज डालकर सुनहरा भूरा करें।  
  • अब पनीर, ग्रीन बीन्स और गाजर डालकर मिलाएं और 5-7 मिनट तक ढक दें। 
  • हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिलाएँ और ढक दें।  
  • अब ढक्कन निकालकर सब्जी से पानी सुखाएं और सब्जी को 10 मिनट तक भूनते रहें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए सूखी पनीर-ग्रीन बीन्स की सब्जी तैयार है। 

                                                       -------------

Wednesday, 4 November 2015

गोभी आलू की सूखी सब्जी


   गोभी का फूल महज एक सब्‍जी ही नहीं है, बल्कि इसमें सेहतमंद बनाने के भी कई गुण मौजूद होते हैं। गोभी को अपने आहार में शामिल कर आप कई बीमारियों से बच सकते हैं। अतः हमें गोभी तो किसी-न-किसी प्रकार से अपने टेस्टफुल मेनू में रखना चाहिए। गोभी की सब्जी को तो ज्यादातर सभी लोग बहुत ही पसंद करते है। इसका आलू के साथ तो गहरा सम्बन्ध है। आज मैं गोभी से स्वादिष्ट गोभी आलू की सूखी सब्जी बनायेंगें। यह सब्जी मेरे घर में पूरी, परांठे या रोटी के साथ ज्यादा पसंद की जाती है। आज आप भी इसके स्वाद का आनंद लीजिए। 
गोभी आलू की सूखी सब्जी के लिए सामग्री -


  • फूल गोभी  –  1 फूल
  • आलू –  1 - 2 
  • प्याज - 1 (बारीक कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2 -3 ( बारीक कटी हुई )
  • हरा धनियां - 2 चम्मच(बारीक कटा हुआ)
  • लहसुन - 3-4 कली (कुटी हुई)
  • अदरक -1 टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)
  • जीरा -1 छोटा चम्मच
  • हल्दी पाउडर - आधा चम्मच
  • धनियां पाउडर - एक चम्मच
  • नमक  - स्वादानुसार
  • तेल - 2-3 बड़ा चम्मच
गोभी आलू की सूखी सब्जी कैसे बनाएँगे?
  • गोभी आलू की सूखी सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले फूलगोभी का डंठल हटाकर छोटे छोटे टुकडो में काट लें।
  • एक बड़े बाउल में पानी डालकर भिंगो कर रखें। 
  • अब आलू को भी छील कर लम्बे-लम्बे बड़े टुकडो में काट लें और पानी में भिंगो दें। 
  • एक कढ़ाही में तेल डालकर गैस पर गर्म होने रखें। 
  • जब तेल गरम हो जाये तब हींग और जीरा डालकर तड़का लें। 
  • अब इसमे लहसुन, अदरक, प्याज और हरी मिर्च को डालकर सुनहरा होने तक भूने। 
  • जब प्याज भुन जाए तब हल्दी और धनियाँ पाउडर डालकर 1 मिनट तक भूनें। 
  • इसके बाद कटे हुये गोभी और आलू के साथ नमक डालकर कलछी से चलाकर मसाले में अच्छी तरह से मिला दें।
  • अब इस सब्जी को बिना पानी डाले ढक कर धीमी आंच पर करीब 5-6 मिनट तक पकने दें। 
  • अब कलछी से एक आलू को दबाकर देखें अगर आलू गल गया है तो सब्जी बन गई है। अगर आलू अभी नहीं गला है और सब्जी में पानी कम हो रहा हो, तो 1-2  बड़ा चम्मच पानी डालकर फिर से सब्जी को ढक कर 3-4 मिनट के लिये पकाएँ। 
  • ढक्कन खोलकर देख लें कि सब्जी बनकर तैयार हो गयी है। 
  • अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए स्वादिष्ट गोभी आलू की सूखी सब्जी तैयार है। आप गोभी आलू की सब्जी को सर्विंग बाउल में निकाल कर कटे हुए हरे धनिये से गार्निश करके गरमा गर्म परांठे, पूरी या रोटी  के साथ परोसें। निश्चित ही खाने के साथ ही खिलाने में भी आनंद आएगा। 

                                                                -----------------

Saturday, 24 October 2015

मसालेदार काले चने

    काला चना पौष्टिकता से भरपूर होता है। इसमें पाए जाने वाले पौष्टिक तत्व पाचन तंत्र को सही रखने के साथ शरीर में ऊर्जा प्रदान करने का काम करते हैं। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में सूखे मसालेदार काले चने रखा है। आप इसे ब्रेकफास्ट के समय खा सकते हैं। यह हेल्दी ब्रेकफास्ट निश्चय ही आपके हेल्दी दिन की शुरुआत करेगा। 
मसालेदार काले चने के लिए सामग्री - 
  • काला चना-एक कप
  • जीरा-आधा चम्मच
  • हल्दी पाउडर-आधा चम्मच
  • हरी मिर्च-दो-तीन 
  • लहसुन की कलियां-चार (पेस्ट)
  • अदरक-एक इंच घिसा हुआ
  • धनिया पावडर-एक बड़ा चम्मच
  •  नमक-स्वादानुसार
  • तेल - 4 चम्मच

मसालेदार काले चने कैसे बनाएँगे?
  • सबसे पहले काले चने को साफ करके धो लें।
  • उसे पांच से छ: घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। 
  • अब उस चने को धोकर कुकर में पानी और थोड़ा-सा नमक डालकर एकसाथ उबाल लें। 
  • अब एक कड़ाही में तेल डालकर गरम करके जीरे और मिर्च का छौंक लगाएं और चने डाल दें। 
  • थोड़ी देर बाद उसमे अदरक, लहसुन का पेस्ट, धनिया पावडर, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर ढक दें। 
  • अब थोड़ी देर बाद आधा कप पानी डाल कर चने को पकाएँ। 
  • पानी सूख जाने पर भी हर एक-दो मिनट पर चलाते रहें। 
  • अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए सूखे मसालेदार काले चने तैयार हैं। 

                                                                 -------------