Saturday, 9 July 2016

पिज़्ज़ा सॉस


बच्चे हो या टीन एजर्स, हर किसी को पिज्ज़ा बहुत पसंद होता है। इसे घर पर भी बनाया जाता है। पिज्ज़ा बनाने के लिए सबसे जरुरी उसका सॉस होता है। उसके सॉस से हम पिज़्ज़ा का बेस तैयार करते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में पिज़्ज़ा सॉस रखा है। इसे आप भी घर पर बनाकर पिज़्ज़ा को पूर्णतः होम-मेड रूप दे सकती हैं। तो आइए आज पिज़्ज़ा सॉस बनाते हैं।

पिज़्ज़ा सॉस के लिए आवश्यक सामग्री -
  • लाल टमाटर - 500 ग्राम
  • प्याज -1 
  • बेसिल पत्तियाँ - 10-15
  • ओरेगानो -1/2 चम्मच
  • लहसून - 1/2 चम्मच (पेस्ट)
  • शक्कर - 1/2 चम्मच 
  • काली मिर्च - 1/4 चम्मच (कुटी हुई) 
  • जैतून का तेल - 2 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार

पिज़्ज़ा सॉस कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले प्याज को छीलकर धो लें। 
  • अब टमाटर को धो लें। 
  • अब प्याज और टमाटर को मिक्सी में डालकर पेस्ट तैयार कर लें। 
  • बेसिल की पत्तियों को भी धोकर छोटा-छोटा काट लें। 
  • ताजी बेसिल नहीं मिलने पर आप सूखी बेसिल का भी उपयोग कर सकती हैं। 
  • अब एक कड़ाही में तेल गरम करें। 
  • इसमें बारीक प्याज और टमाटर का पेस्ट डालें और गुलाबी होने तक भूनें। 
  • अब बाकी सामग्री डालें और अच्छे से मिलाएँ। 
  • एक उबाल आने के बाद आँच को धीमा कर दें। 
  • सॉस को बीच-बीच में चलाते हुए लगभग 20 मिनट तक भूनें। 
  • तैयार सॉस गाढ़ी और चिकनी होती जाएगी। 

इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए पिज़्ज़ा सॉस तैयार है। 
                          ----------------

Friday, 8 July 2016

वेज बिरयानी

वैसे तो बिरयानी मुगलई सभ्यता से आई है लेकिन इसके रूप देशी हो गए हैं। पारंपरिक रूप से पकाई जाने वाली बिरयानी चावल और नाना प्रकार के नॉन-वेज रूप में बनाई जाती है। इसका शाकाहारी रूप इसका देशी तरीका ही है। इस शाकाहारी अर्थात वेज बिरयानी बनाने के विभिन्न तरीके होते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में वेज बिरयानी रखा है। आइए बनाते हैं। 
वेज बिरयानी के लिए आवश्यक सामग्री - 

  • बासमती चावल - 1 कप
  • देशी घी - 1/4 कप
  • तेल - 1/4 कप
  • दही - 1/4 कप
  • जीरा - 1/4 चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 1/4 चम्मच
  • अदरक - 1/4 चम्मच (पेस्ट )
  • हरी मिर्च - 2 (लम्बाई में कटा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/4 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 
  • केसर - 10-15 धागे
  • काजू - 1 चम्मच 
  • किशमिश - 1चम्मच 

साबुत गरम मसाले - 

  • दाल चीनी -1 इंच
  • काली मिर्च - 5-6  
  • बड़ी इलाइची- 1-2 
  • जायफल - 2 (कुटा हुआ)
  • तेजपत्ता - 1-2 
  • लोंग - 4-5
  • छोटी इलाइची - 2 

हरी सब्जियाँ -  

  • फूल गोभी - 1 कप (कटा हुआ)
  • हरा धनिया - 1 (बारीक कटा हुआ)
  • शिमला मिर्च - 1 (कटी हुई)
  • गाजर - 1 (कटे हुये)
  • फ्रेन्च बीन्स - 5-7 (कटी हुई)
  • आलू - 1  
  • टमाटर - 1  
  • पोदीना - 5-7 पत्ते

वेज बिरयानी कैसे बनाएँ ?

  • सबसे पहले चावल उबाल कर तैयार कर लें। 
  • अब चावल को साफ करके धोएँ और 20 मिनिट के लिये पानी में भिगो दें। 
  • बाकी पानी निकाल लें। 
  • अब किसी बर्तन में 4 कटोरी पानी डाल कर उबालें। 
  • पानी में तेजपत्ता, दाल चीनी, बड़ी इलाइची छील कर और लौंग डाल दें। 
  • पानी में उबाल आने पर चावल को डालें। 
  • जब चावल का लगभग 75 प्रतिशत भाग पक जाए तब उतार लें। 
  • अब वेज बिरयानी के लिए सब्जियाँ तल कर तैयार कर लें। 
  • कढ़ाई में तेल  डालें और गरम करें। 
  • तेल में आलू , गोभी और गाजर 1-2 मिनिट तलें और निकाल लें। 
  • अब शिमला मिर्च भी 1 मिनिट तल कर निकाल लें। 
  • अब पके चावल को छलनी में छान लें। 
  • चावल में से तेज पत्ता और इलाइची के छिलके निकाल लें और चावल ठंडा होने दें। 
  • अब कढ़ाई में बचे तेल में मसाले भूनें। 
  • सबसे पहले गरम तेल में जीरा डालकर भूनें। 
  • जब जीरा चटकने लगे तब अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर थोड़ा भूनें। 
  • अब हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर भूनें। 
  • टमाटर डालकर भूनें। 
  • अब नमक, लाल मिर्च और सभी गरम मसालों को डालकर मिला लें। 
  • अब मसाले में दही डालकर थोड़ा भूनें। 
  • भूनें मसाले में तली हुई सब्जियाँ डालकर मिलाएँ। 
  • इसप्रकार बिरयानी के लिये सब्जी बनकर तैयार हैं। 
  • चावल भी ठंडे हो कर तैयार है। 
  • अब एक बड़ा और भारी तले का बर्तन लें और एक चम्मच घी डालकर गरम करें। 
  • आधा चावल डालकर चावल की एक परत बर्तन के तले में फैला दें। 
  • अब तैयार सब्जी को चावल के ऊपर डालकर ऊपर से बाकी पके चावलों को ढक दें। 
  • अब चावलों के ऊपर काजू और किशमिश डालें। 
  • हरा धनिया और पुदीना के पत्ते ऊपर से डालें। 
  • ऊपर से घी डालें, दो चम्मच केसर का घोल बनाकर डालें और बिरयानी का ढक्कन अच्छी तरह बन्द करके धीमी आँच पर 15 मिनिट तक पकाएँ। 
  • अब ढक्कन खोलें और सारी चीजों को मिक्स करें। 

















इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए गरमागरम वेज बिरयानी तैयार है।
                                         ---------------

Tuesday, 28 June 2016

नमकीन गुजिया


वैसे तो गुजिया होली-दीपावली पर बनने वाली एक मीठी पकवान है, पर इसे जब चाहे तब हम बना लिया करते हैं। गुजिया में मुख्यतः मावा भरा जाता है जो इसके मिठास को और बढ़ा देता है। आज अपनी टेस्टफुल मेनू में मैंने नमकीन गुजिया रखा है। यह आपको एक नए स्वाद से परिचित करवाएगा। आइए आज नमकीन गुजिया बनाते हैं।
नमकीन गुजिया के लिए आवश्यक सामग्री -
  • मैदा - 2 कप
  • मटर दाना - 200 ग्राम
  • आलू - 2 (उबला और मैश किया हुआ) 
  • प्याज - 2 (बारीक कटा हुआ
  • काजू - 5-7 (बारीक कटे हुए)
  • बादाम - 5-7(बारीक कटे हुए)
  • इलायची - 1/4 चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर -1/4 चम्मच
  • गरम मसाला पाउडर - 1/4 चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • घी - 250 ग्राम
  • नमक - स्वादानुसार

नमकीन गुजिया कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले मैदा को किसी बर्तन में निकाल लें।
  • अब दो चम्मच घी डाल कर अच्छी तरह मिलाएँ।
  • अब थोडा़-थोडा़ पानी डालते हुए थोड़ा सख्त आटा गूँथ लें।
  • गूँथने के बाद आटे को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
  • अब भरावन तैयार करें।
  • सबसे पहले पैन में एक चम्मच घी डाल कर गरम करें।
  • गरम होने पर हींग डालें। 
  • फिर प्याज, मटर और आलू डालकर मिला लें। 
  • अब काजू, बादाम, इलायची डालें और भूनें। 
  • एक मिनट बाद धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर और नमक डालकर बारीक़ मिलाते हुए 4-5 मिनट भूनें। 
  • अब आपकी नमकीन गुजिया के लिए नमकीन भरावन तैयार है। 
  • इसे किसी प्लेट में निकाल लें और थोड़ा ठंडा होने दें। 
  • अब आटे को मसल कर चिकना कर लें और छोटी-छोटी लोइयाँ तोड़ लें. 
  • लोइयों को मसल कर गोल करके पेड़े जैसा बना लें। 
  • अब एक लोई को लेकर गोल बेलें। 
  • बेली हुई पूरी के बीच में एक चम्मच भरावन रखें और फिर आधे से मोड़कर मिला लें। 
  • किनारों पर उंगली के सहारे से पानी कर मोड़ लें। 
  • आप चाहें तो साँचे का भी उपयोग कर सकते हैं, मगर नमकीन गुजिया में भरावन हाथ से ठीक से तैयार होता है। फटने का डर नहीं होता। 
  • अब कढ़ाई में घी डालकर गरम करें। 
  • घी गरम होने पर चार-पाँच गुजिया एक बार डालकर तलें। 
  • जब गुजिया ब्राउन हो जाये तब निकाल लें। 

इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए क्रिस्पी नमकीन स्नैक्स के रूप में नमकीन गुजिया तैयार है। 
                                      ------------------

Saturday, 25 June 2016

गवारफली की सब्जी


गवारफली विटामिन, खनिजों और रेशे से भरपूर सब्जी है। यह बींस और मटर के परिवार की सब्जी है। माना जाता है कि इस सब्जी के नियमित सेवन से व्यक्ति को स्टोन्स की परेशानी नही होती है। एक मौसम में तरह-तरह की फली की सब्जियाँ बाज़ार में आ जाती हैं। उसी में से लोकप्रिय यह ग्वारफली है। इसकी सब्जी लोग तरह-तरह से बनाते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में आलू के साथ ग्वारफली की सब्जी बनाया है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट है। 
गवारफली की सब्जी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • गवारफली - 250 ग्राम 
  • आलू - 2-3
  • हरी मिर्च - 1-2 (पेस्ट)
  • अदरक - 1/4 (पेस्ट)
  • ज़ीरा - 1/4 चम्मच 
  • अमचूर - 1/4 चम्मच
  • गरम मसाला - 1/2 चम्मच 
  • जीरा पाउडर - 1/2 चम्मच 
  • धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच 
  • हल्दी पाउडर - 1/4 चम्मच
  • हींग - 1 पिंच  
  • तेल - 1 चम्मच 
  • नमक - स्वादानुसार 

गवारफली की सब्जी कैसे बनाएँ ? 
  • सबसे पहले आलू और गवारफली को अच्छी तरह से धो लें। 
  • अब आलू छीलकर छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें। 
  • गवारफली के दोनों सिरों को थोड़ा सा काटकर फेंक दें। 
  • अब गवारफली को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
  • अब कढ़ाई में तेल गरम करें। 
  • जब तेल गरम हो जाए तब उसमें जीरा और हींग डालें। 
  • जब जीरा चटकने लगे तब उसमे हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर चलाएँ। 
  • अब गरम मसाला, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर चलाते रहें। 
  • जब मसालों का रंग बदलने लगे तब उसमें आलू और गवारफली मिला दें। 
  • एक-दो मिनट अच्छे से चलाएँ ताकि मसाले अच्छी तरह मिल जाएँ। 
  • अब नमक डालकर मिला लें और पाँच मिनट के लिए सब्जी ढक दें। 
  • पाँच मिनट बाद ढक्कन खोलकर सब्जियों को चलाएँ। 
  • अगर सब्जी कढ़ाही पकड़ रही हो तो आधा कप पानी डाल दें और दस मिनट के लिए ढक दें। 
  • अब सब्जी में अमचूर डालकर मिला लें और दो मिनट के लिए फिर से ढक दें। 

इस प्रकार अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए पौष्टिकता और स्वाद से भरपूर गवारफली की सब्जी तैयार है। 
                               --------------------

Friday, 24 June 2016

जामुन पन्ना


बरसात की शुरुआत होती नहीं कि काले जामुन का आगमन हो जाता है। यह बहुत ही कम समय के लिए आने वाला फल तो है, लेकिन बेहद लाभदायक फल है। यह स्वाद और सेहत से भी भरपूर होता है। जामुन में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा पाया जाता है। जामुन के सेवन से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। जामुन पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि डायबिटीज वाले लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं। 
आपने जामुन को कभी यूँ ही तो कभी नमक के साथ खाया होगा। आज मैं इसे पीने के लिए प्रेरित करुँगी। जी, आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में जामुन पन्ना रखा है। यह बनाने में रोचक और पीने में स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य की दृष्टि से फायदेमंद भी है। 
जामुन पन्ना के लिए आवश्यक सामग्री - 
  • काला जामुन - 100 ग्राम
  • काला नमक -1/4 चम्मच
  • भूना जीरा पाउडर - 1/2 चम्मच
  • चीनी - 1 चम्मच 
  • पुदीना पत्ता - 5-7 

जामुन पन्ना कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले जामुन को साफ धो लें। 
  • अब एक कटोरे में रखकर एक गिलास पानी डालें। 
  • हाथ से मिलकर जामुन के सारे बीज निकाल लें। 
  • अब मिक्सी में काला नमक, चीनी और पुदीना पत्ता डालकर पीसें। 
  • पूरी तरह से पीस जाने के बाद इसे किसी गिलास में छान लें। 
  • ऊपर से जीरा पाउडर डालें और पुदीना पत्ते से सजाकर पीएं। 

आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए आज का स्पेशल जामुन पन्ना तैयार है। 
-------------

Thursday, 23 June 2016

पोहा कटलेट


हम सभी पोहा (चिउड़ा) का अलग-अलग विधि से नाश्ते में इस्तेमाल करते हैं। कई लोग इसे दही के साथ तो कई लोग इसे तलकर, नमकीन  तरह तो कई लोग वेज पोहा बनाकर। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में पोहा कटलेट रखा है। यह स्वाद में लाज़वाब होता है और सभी पसंद भी करते हैं।

पोहा कटलेट के लिए आवश्यक सामग्री -
  • पोहा - 1 कप
  • आलू - 2 (उबले हुए)
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक़ कटी हुई)
  • हल्दी पाउडर - 1/4 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
  • चाट मसाला - 1/4 चम्मच
  • नमक -स्वादानुसार
  • तेल - तलने के लिए

पोहा कटलेट कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले पोहे को साफ कर 10 मिनट के लिए भिगो दें।
  • फिर उसे छानकर सारा पानी निकाल लें।
  • अब इसमें उबले आलू मैस कर लें।
  • इसके बाद हरी मिर्च, नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और पोहा डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • इसे मिलाने के बाद सारे मिश्रण की गोल टिक्कियाँ बना लें। 
  • अब एक कढाई में तेल गरम करें। 
  • तेल गरम हो जाने पर तीन-तीन, चार-चार टिक्कियाँ डालें। 
  • टिक्कियों को सुनहरा होने तक तलें और फिर निकाल लें। 
  • इसी तरह सारी टिक्कियाँ तल लें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए पोहा कटलेट तैयार है। 

इसे आप किसी भी चटनी के साथ खाएँ और खिलाएँ। 
         --------------

Wednesday, 22 June 2016

कुरकुरी भिंडी


भिंडी तो सबको पसंद आने वाली सब्जी है। बच्चे भी सबसे अधिक भिंडी ही पसंद करते हैं। मैं अपने बेटे के लिए अकसर भिंडी बनाया करती हूँ। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही हमारे सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में एक टेस्‍टी भिंडी रखा है। निश्चित ही इसे खाकर आपके जीभ की लालच और बढ़ जाएगी। जी हाँ, आज मैंने कुरकुरी भिंडी बनाया है। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। आइए, बनाते हैं। 
कुरकुरी भिंडी के लिए आवश्यक सामग्री-
  • भिंडी - 250 ग्राम
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्‍मच
  • हल्‍दी पाउडर - 1/2 चम्‍मच
  • गरम मसाला पाउडर - 1/2 चम्‍मच
  • जीरा पाउडर - 1/2 चम्‍मच
  • बेसन - 2 चम्‍मच
  • कार्न फ्लोर - 1 चम्‍मच
  • नमक- स्वादानुसार 
  • तेल- तलने के लिये

कुरकुरी भिंडी कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले भिंडी को अच्‍छे से धो कर पोछ लें।
  • फिर इसे दोनों ओर से काट लें। 
  • अब सभी भिंडी को बीच से लम्बाई में चीर लें। 
  • फिर एक-एक करके सभी भागों से बीज निकाल लें। 
  • अब सभी भिंडी को लम्बाई में पतला-पतला काट लें। 
  • बीच से 4 पीस में काट लें। 
  • अब कटोरे में भिंडी लेकर बेसन, कार्नफ्लोर, लाल मिर्च पाउडर, हल्‍दी पाउडर, गरम मसाला पाउडर, जीरा पाउडर और नमक डालें। 
  • फिर हल्‍के हाथों से सबको मिक्‍स करें।
  • अब गैस जलाकर पैन में तेल गरम करें।
  • तेल गरम हो जाने पर भिंडी को थोड़ा-थोड़ा कर के तलें। 
  • इसप्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए कुरकुरी भिंडी तैयार है। 

इसे आप चाय के साथ भी सर्व कर सकती हैं। 
                         ---------------