Tuesday, 29 September 2015

इमली की चटनी


    अहा! इमली का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है न! चटखारेदार और मुँह में पानी लाने वाली इमली स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। इसलिए इसे विभिन्न स्थानों पर विशेष तौर से भोजन में सम्मिलित किया जाता है। कच्ची इमली बच्चों को बड़ी प्रिय होती है। हालाँकि आधुनिक बच्चों का प्रकृति से संपर्क लगभग खत्म ही हो गया है। बड़े होने पर चूँकि दाँतों पर से इनेमल निकल जाता है अतः हम इमली नहीं खा पाते हैं। तब भी इमली के उपयोग के अनेक तरीके हैं। गर्मियों में ताजगीदायक पेय बनाने के लिए इमली को पानी में कुछ देर के लिए भिगोएँ व मसलकर इसका पानी छान लें। अब उसमें स्वादानुसार गुड़ या शकर, नमक व भुना जीरा डाल लें। इसमें डले ताजे पुदीने की पत्तियाँ स्फूर्ति की अनुभूति बढ़ाती हैं। 
    गर्मियों में इसके नियमित सेवन से लू की संभावना खत्म होती है। यह पेय हल्के विरेचक का कार्य भी करता है। साथ ही धूप में रहने से पैदा हुए सिरदर्द को भी दूर करता है। पकी इमली अपच को दूर कर मुँह का स्वाद ठीक करती है। यह क्षुधावर्धक भी है। इमली पेट के कीड़ों से छुटकारा पाने के लिए भी उपयोगी है। इसके अलावा इसे हृदय का टॉनिक भी माना जाता है। यहाँ मैं टेस्टफुल मेनू के लिए इमली की चटनी बना रही हूँ। 

इमली की चटनी के लिए सामग्री -
  • ३- प्याला साफ़ की हुई इमली
  • आधा प्याला गुठली निकला हुआ खजूर
  • ३ प्याला गुड़
  • २ प्याला पानी
  • आधा चम्मच पिसी हुई लाल मिर्च
  • आधा चम्मच जीरा पिसा हुआ
  • नमक स्वादानुसार
  • चुटकी भर गरम मसाला


कैसे बनाएँगे ?
  • पानी में इमलीऔर गुड को मिलाकर कुछ मिनट के लिए रख दें।
  • अब इसे ७-८ मिनट तक उबाल लें।
  • मिक्सी में पीस कर ज़रूरत हैं तो छान लें।
  • अब इसमें लाल मिर्च और नमक डाल कर अच्छी तरह मिला लें।
  • एक बार उबालें और गरम मसाला मिला कर ठंडा कर लें।
  • विशेष अवसरों पर खजूर के महीन टुकड़े और किशमिश मिलाए जा सकते हैं।
  • दही बड़ों, भेलपूरी या पकौड़े के लिए मज़ेदार चटनी है।
                                                     ----------------------

No comments:

Post a Comment