Thursday, 1 October 2015

धनिया की चटनी

     आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में धनिया की चटनी रखा है। आप भी एक बार इसे बना कर देखिए। वैसे तो धनिया की चटनी बहुत ही स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक होती है। धनिया के पत्तों में आइरन और कैल्शियम प्रचुर मात्रा में जो होता है। अगर आप इसमे नीबू मिलाएँ तब तो सोने पर सुहागा। क्योंकि नीबू में विटामिन सी भी होता है। तैयार धनिया की चटनी को आप चाट, पकौड़े, नमकीन के साथ-साथ मुख्य खाने के साथ भी रख सकती हैं। एक बार रखकर देखिए, आपका डाइनिंग कमरा चटखारों से गूँज उठेगा। 

धनिया की चटनी के लिए सामग्री -
  • 2 प्याला हरा कटा धनिया
  • 6-7 हरी मिर्च
  • 2 कली लहसुन की
  • 1  चम्मच बारीक कटी अदरक
  • 1 चम्मच नींबू का रस
  • नमक स्वादानुसार
  • ज़ीरा और धनिया एक एक चम्मच गरम कढ़ाई में सूखा भूनें और महीन पीस लें।


कैसे बनाएँ धनिया की चटनी ?
  • धनिया के मोटे डंठल को निकालकर उसे ठीक से धो लें और मोटा काट लें। 
  • अब कटे धनिया में लहसुन, हरी मिर्च और अदरक एक साथ थोड़ा-सा पानी डाल कर मिक्सी में महीन पीस लें।
  • नमक स्वादानुसार मिला लें। 
  • नीबू का रस ज़ीरा और धनिये का भुना हुआ चूर्ण मिलाएँ।
  • स्वाद के लिए थोड़ा सा चाट का मसाला भी मिला सकते हैं।

अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए धनिया की चटनी तैयार है। 
                                                                     ----------------

Wednesday, 30 September 2015

वेजिटेबल सूप

     भले वेजिटेबल सूप सभी को पसंद आता है, मगर बच्चों को तो जैसे नफ़रत। मेरा बेटा तो नाम सुनते ही नाक सिकोड़ लेता है। मैं चाहती हूँ कि उसके पसंद के लायक कुछ ऐसा प्रयास करूँ कि वेजिटेबल सूप लेना शुरू कर दे। आज मैंने कुछ अलग प्रयोग किया। अपने प्रयोग को आपके साथ भी साझा कर रही हूँ। आप भी अपने टेस्टफुल मेनू में सम्मिलित कर सकते हैं। आप भी शाम को खाने से पहले ढेर सारी पौष्टिक सब्ज़ियों से बने इस टेस्टी और हेल्दी सूप का मज़ा ज़रूर लें। 
वेजिटेबल सूप के लिए आवश्यक सामग्री -
(मैंने जो उपयोग किया वह बताती हूँ )
  • गाजर - 1 मीडियम आकार की 
  • बेसन - 1/4 कटोरी 
  • फ्रेंच बिन्स - 4-5  
  • चुकंदर  - 1/4 हिस्सा 
  • सेव -  1/4 हिस्सा 
  • अदरक -  1/2 इंच लम्बा टुकड़ा कद्दूकस कर के 
  • मक्खन - 1 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • नीबू - आधा
  • हरा लहसुन - 1 बड़ा चम्मच 



कैसे तैयार करें यह टेस्टी-मेनू ?
  • 2 बडे़ चम्मच पानी में बेसन को अच्छे से घोल लें ताकि गाँठ ना बने। 
  • अब एक मोटे तले के पैन में मक्खन गर्म करके उसमें अदरक और पहले से काट कर तैयार की सारी सब्ज़ियां डाल कर 2 मिनट तक चलाते हुए हल्की आंच पर भून लें। 
  • अब इनको 2 मिनट के लिए ढक कर धीमी आँच पर पकाएं। 
  • तैयार सब्ज़ियों में 600 ग्राम पानी मिला दें। अब बेसन के घोल, नमक आदि मिला कर उबाल आने तक चलाते हुए पकाएं।  
  • उबाल आने के बाद सूप को 3-4 मिनट के लिए धीमी आँच पर  पका लें, फिर गैस बंद करके सूप में नींबू का रस मिला दें। 


  • आपकी टेस्टफुल मेनू में वेजिटेबल सूप अब तैयार है। 
  • सूप बाउल में तैयार सूप को डाल कर मक्खन और लहसुन डाल कर परोसें।                                                                                       -----------------------

बूंदी रायता


    कभी भी रायता खाने के स्वाद को दोगुना कर देता है। खाने की मेज़ पर चाहे जितने भी प्रकार की सब्ज़ियां हों लेकिन रायते का अपना महत्व होता है। यह खाने के स्वाद को तो बढा़ता ही है साथ ही इसे पचाने में भी मदद करता है। मैं हमेशा अपने टेस्टफुल मेनू में वही चीजें रखने का प्रयास करती हूँ, जिसे शीघ्रता से तैयार किया जा सके। बूंदी का भी रायता झटपट तैयार हो जाता है और खाने में भी बहुत स्वादिष्ट होता है। 

बूंदी रायता के लिए आवश्यक सामग्री -
  • दही - 200 ग्राम
  • बेसन की बूदीं -  50 ग्राम 
  • भुना हुआ जीरा -  आधा चम्मच पिसा हुआ
  • हरी मिर्च - (1 बारीक कटी हुई )
  • नमक - स्वादानुसार 
  • धनिया-पत्ती (इच्छानुसार)

बूंदी रायता को कैसे बनाएँ -
    मैं दावे के साथ कह सकती हूँ कि बूंदी रायता को जितनी आसानी से खाया जाता है, उतनी ही आसानी से बनाया भी जा सकता है।  रायता बनाने के लिए बूंदी को 5 मिनट के लिए भिगो दें। अब एक छलनी में डाल कर बूंदी का सारा पानी निचोड़ दें। दही को मिक्सी में डाल कर फेंट लें। अब फेंटी दही में भिगोई हुई बूंदी डाल कर मिला लें। इसमें नमक, हरी मिर्च और जीरा डाल कर अच्छे से मिला लें। अब ऊपर से धनिया-पत्ती डाल दें। 


     बूंदी का स्वादिष्ट रायता तैयार है। इसमें ऊपर से थोडा़ सा भुना जीरा डाल कर सजाएं और पसोसें। अब आप इस बूंदी रायते को अपने टेस्टफुल मेनू में बड़े गर्व से शामिल करें और मज़े से खाएं-खिलाएँ। 
                                                                -------------

कैप्सिकम भरवां

    मुझे लगता है कि अगर सब्‍ज‍ियों को अलग-अलग ढंग से बनाया जाए तो खाने का मजा बढ़ जाता है। आपने भी तो सुना ही होगा न कि दिमाग का हर रास्ता पेट से होकर जाता है, तो मैं भी यहीं प्रयास कराती हूँ कि पेट को कुछ ऐसा मिलता रहे दिमाग चलता रहे। 
    आज मैं अपने टेस्टफुल मेनू में  ये रेसिपी कैप्सिकम भरवां अर्थात भरवां श‍िमला मिर्च की रख रही हूँ। एक बात और, आपको बता दूँ कि इसे बनाने में ज्‍यादा वक्‍त भी नहीं लगता है। 

कैप्सिकम भरवां के लिए आवश्यक सामग्री -
  • 3-4 कैप्सिकम मिर्च
  • 2 बड़े चम्मच उबली हुई चने की दाल 
  • 2 बड़े उबले मैश किए आलू 
  • 2 बड़े चम्मच पनीर मैश किया हुआ
  • बारीक कटे 2 बड़े प्याज 
  • 1 छोटा चम्मच पका सब्जी मसाला
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च मिर्च पाउडर
  • 1 चम्मच कटा लहसुन 
  • स्वादानुसार नमक और 3 बड़े चम्मच तेल

कैप्सिकम भरवां को अपने टेस्टी-मेनू के लिए कैसे तैयार करेंगे?
  • कैप्सिकम को ऊपर से काटकर अंदर से बीज निकाल दें। 
  • अब पैन में थोडा तेल गरम करें तथा इसमें प्याज को गुलाबी होने तक भूने।  
  • पावभाजी मसाला और बाकी सामग्री मिलाकर 5-6 मिनट भूनें और चूल्हा बंद कर दें। 
  • अब कैप्सिकम में तैयार मसाला भर दें। 
  • पैन में बचा तेल डालकर कैप्सिकम डाल कर ढक दें और बीच-बीच में पलटते रहें।  
  • जब कैप्सिकम मुलायम हो जाएं, तो चूल्हा बंद कर दें। अब आपका कैप्सिकम भरवां तैयार। अब आप इसे बड़े शौक से डिनर या लंच में रख सकती हैं। 


 अब आपका कैप्सिकम भरवां तैयार। अब आप इसे बड़े शौक से डिनर या लंच में रख सकती हैं। 
                                                        ----------------

ओट्स खीर

    मेरा बेटा अभी छोटा है। एक तो सुबह उठाना नहीं चाहता और उठता है तो उसे तैयार करते-करते स्कूल का समय हो जाता है। इस हाल में मैं चाहती हूँ कि उसके लिए कुछ ऐसा नाश्ता बनाऊँ,  पौष्टिक भी हो और जल्दी तैयार भी हो जाए। तब मुझे सुबह नाश्‍ते के लिए ओट्स खीर एक अच्‍छा विकल्‍प लगता है। आप भी इसे अपने टेस्टफुल मेनू में रख सकते हैं। यह पौष्‍ट‍िक भी है और खाने में स्‍वादिष्‍ट भी।  इसे झटपट तैयार भी किया जा सकता है। 
   अगर आपको ओट्स खीर बनाना है तो इसमे सिर्फ 20 मिनट लगाकर आप एक शानदार ब्रेकफास्‍ट तैयार कर सकते हैं। 
ओट्स खीर के लिए आवश्यक सामग्री -


  • दो चम्मच रोल किए हुए ओट्स
  • एक चम्मच कॉर्न फ्लेक्स
  • 200 मिलीलीटर दूध
  • बादाम, किशमिश, नारियल बूरा, पिस्ता, खजूर आदि। 
  • दो चम्मच शक्कर या शुगरफ्री


ओट्स खीर कैसे बनाएँ -
  • एक कटोरे में दूध व सभी सामग्रियां मिला लें। अब माइक्रोवेव में दो मिनट तक पका लें। 
  • सर्व करने से पहले कॉर्न फ्लेक्स से गार्निश कर लें। ऊपर से ड्राईफ्रूट्स (बादाम, किशमिश, नारियल बूरा, पिस्ता, खजूर आदि) रखें।  
     ----------------------

Tuesday, 29 September 2015

इमली की चटनी


    अहा! इमली का नाम सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है न! चटखारेदार और मुँह में पानी लाने वाली इमली स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। इसलिए इसे विभिन्न स्थानों पर विशेष तौर से भोजन में सम्मिलित किया जाता है। कच्ची इमली बच्चों को बड़ी प्रिय होती है। हालाँकि आधुनिक बच्चों का प्रकृति से संपर्क लगभग खत्म ही हो गया है। बड़े होने पर चूँकि दाँतों पर से इनेमल निकल जाता है अतः हम इमली नहीं खा पाते हैं। तब भी इमली के उपयोग के अनेक तरीके हैं। गर्मियों में ताजगीदायक पेय बनाने के लिए इमली को पानी में कुछ देर के लिए भिगोएँ व मसलकर इसका पानी छान लें। अब उसमें स्वादानुसार गुड़ या शकर, नमक व भुना जीरा डाल लें। इसमें डले ताजे पुदीने की पत्तियाँ स्फूर्ति की अनुभूति बढ़ाती हैं। 
    गर्मियों में इसके नियमित सेवन से लू की संभावना खत्म होती है। यह पेय हल्के विरेचक का कार्य भी करता है। साथ ही धूप में रहने से पैदा हुए सिरदर्द को भी दूर करता है। पकी इमली अपच को दूर कर मुँह का स्वाद ठीक करती है। यह क्षुधावर्धक भी है। इमली पेट के कीड़ों से छुटकारा पाने के लिए भी उपयोगी है। इसके अलावा इसे हृदय का टॉनिक भी माना जाता है। यहाँ मैं टेस्टफुल मेनू के लिए इमली की चटनी बना रही हूँ। 

इमली की चटनी के लिए सामग्री -
  • ३- प्याला साफ़ की हुई इमली
  • आधा प्याला गुठली निकला हुआ खजूर
  • ३ प्याला गुड़
  • २ प्याला पानी
  • आधा चम्मच पिसी हुई लाल मिर्च
  • आधा चम्मच जीरा पिसा हुआ
  • नमक स्वादानुसार
  • चुटकी भर गरम मसाला


कैसे बनाएँगे ?
  • पानी में इमलीऔर गुड को मिलाकर कुछ मिनट के लिए रख दें।
  • अब इसे ७-८ मिनट तक उबाल लें।
  • मिक्सी में पीस कर ज़रूरत हैं तो छान लें।
  • अब इसमें लाल मिर्च और नमक डाल कर अच्छी तरह मिला लें।
  • एक बार उबालें और गरम मसाला मिला कर ठंडा कर लें।
  • विशेष अवसरों पर खजूर के महीन टुकड़े और किशमिश मिलाए जा सकते हैं।
  • दही बड़ों, भेलपूरी या पकौड़े के लिए मज़ेदार चटनी है।
                                                     ----------------------

स्प्राउट्स अर्थात अंकुरित अनाज


    अंकुरित अनाज अर्थात स्प्राउट्स हमें सेहतमंद रखते हैं। इसे रोज ब्रेकफास्ट में खाना चाहिए।  स्प्राउट्स से हमारी रोग-प्रतिरोधी क्षमता बढ़ती है। बचपन में माँ की ऐसी बातें हमें बोर कर देती थीं। पर वास्तविकता भी यही है कि स्प्राउट्स अर्थात अंकुरित अनाज एक शुद्ध और स्वस्थ नाश्ता है। इससे रोग-प्रतिरोधी क्षमता विकसित होता है। क्या आप जानते हैं कि नेचुरोपैथी अर्थात प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान में इसे दवा का दर्जा दिया गया है।

स्प्राउट्स अर्थात अंकुरित अनाज के फायदे -
  • स्प्राउट्स अर्थात अंकुरित अनाज में बहुत कम कैलोरी होती है। 
  • ये वजन नियंत्रित रखता है।
  • सोडियम की अधिक मात्रा अक्सर हृदय और रक्तचाप से जुड़ी समस्याएँ पैदा करती हैं। स्प्राउट्स में सोडियम नहीं होता, जिससे रक्तचाप का स्तर नियंत्रण में रहता है और शरीर उच्च रक्तचाप के स्तर को कम करता है।
  • स्प्राउट्स खाने से पाचन शक्ति बढ़ती है, शरीर से गंदगी निकलती है। 
  • स्प्राउट्स में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स फ्री रैडिकल्स को नष्ट करते हैं ताकि त्वचा को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे और त्वचा कैंसर की संभावना खत्म हो सके।


अपने टेस्टफुल मेनू में स्प्राउट्स अर्थात अंकुरित अनाज को क्यों रखें?
  • विशेषज्ञों की मानें तो कच्चे फल और सब्जियों से 100 गुना ज्यादा एन्जाइम्स अनाज को अंकुरित करने पर होते हैं। एन्जाइम्स वे प्रोटीन होते हैं, जो शरीर को सही तरह से कार्य करने के लिए जरूरी होते हैं।
  • अनाज को भिगोने और अंकुरण की प्रक्रिया के दौरान उनमें मौजूद प्रोटीन की गुणवत्ता बढ़ जाती है।
  • अंकुरण पर फाइबर की मात्रा तुरंत बढ़ जाती है।
  • अनाज को अंकुरित करने से विटामिन बी, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, विटामिन सी और विटामिन ई की मात्रा लगभग 20 गुना ज्यादा बढ़ जाती है। रिसर्च के मुताबिक अंकुरण की प्रक्रिया के दौरान स्प्राउट्स में विटामिन बी1 की मात्रा 285 फीसदी, विटामिन बी 2 की मात्रा 515 तक बढ़ जाती है और नीयासिन की 256 फीसदी तक बढ़ जाती है।
  • एशेनशियल फैट अक्सर हमारी डाइट का हिस्सा नहीं होते। स्प्राउट्स इस फैट के अच्छे माध्यम हैं।
अंकुरण का तरीका -



  • अंकुरण के लिए आप मूंग, मोथ और चना आदि अनाजों का उपयोग कर सकते हैं। अनाज को रात भर पानी में भिगोने के बाद सुबह किसी साफ कपड़े में बांध दें या फिर किसी जार में रख दें। दिन में दो बार साफ पानी छिड़कें।



इन बातों का ध्यान अवश्य रखें - 
  • खाने से पहले स्प्राउट्स को जरूर धो लें। इससे किसी तरह का फंगस या पेस्टीसाइड के कण होंगे तो धुल जाएंगे।
  • आग पर पकाने, भूनने या तलने से स्प्राउट्स का पोषण नष्ट होता है। अगर पका कर ही खाना पसंद करते हैं तो भाप पर पका कर खाएं। भाप पर पकाने के लिए उबलते पानी में अंकुरित अनाज डाल कर ढक दें। दो मिनट पकाने के बाद बर्तन से ढक्कन हटा दें। फिर से 15 मिनट के लिए ढक कर पकाएं। मुलायम होने तक पकाएं।
  • सलाद के रूप में खाने से स्प्राउट्स के गुण कई गुना बढ़ जाते हैं। टमाटर, प्याज, मूली और खीरे के साथ खाया जाए तो स्प्राउट्स का स्वाद और पोषण बढ़ता है।
  • आप टेस्ट को बदलने के लिए धनिया-पत्ती या पुदीना या तुलसी-पत्ते का भी उपयोग कर सकते हैं। 
                                                              -------------------