Sunday, 7 February 2016

वेजिटेबल रोल





 सुबह का नाश्ता या शाम का स्नैक्स, बच्चे तो बच्चे, बड़ों को भी कुछ स्पेशल खाने का मन करता रहता है। मेरे यहाँ तो शाम की चाय पर अवश्य कुछ-न-कुछ चाहिए। बेटे को तो टिफिन में रोज कुछ अलग चाहिए। मैं प्रयास करती रहती हूँ कि उसका स्वाद बदलता रहे। स्वाद बदलने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक हो। मैंने दो दिन पहले ही बेटे के टिफिन में यह वेज रोल रखा था और कल शाम की चाय पर अपनी टेस्टफुल मेनू के लिए वेजिटेबल रोल तैयार किया था। मेरा बेटा हरी सब्जियों को पसंद नहीं करता मगर इस रोल में डाली गईं हरी सब्जियाँ बचती नहीं हैं। इसमें मैंने मनचाहे सब्जियों को डाला जिसे सबने बेहद पसंद किया। मुझे लगता है कि आपको भी एक बार बनाना चाहिए। इसे आप कभी वीकेंड स्पेशल भी बनाकर देखिए, सबको पसंद आएगा। इस रोल को बनाने के आदर्श तरीके बहुत हैं परन्तु मैंने जिस तरह से बनाया, वह तरीका आपको बताती हूँ।

वेजिटेबल रोल के लिए आवश्यक सामग्री - 
  • आटा - 200 ग्राम 
  • पत्ता गोभी - 100 ग्राम (बारीक कतरा हुआ)
  • गाजर  - 100 ग्राम (लंबाई में बारीक कटा हुआ)
  • कच्चा मटर दाना - 100 ग्राम (उबला हुआ)
  • धनिया पत्ता - 1/2 कप (बारीक कटा हुआ)
  • अदरक  - 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा (लंबाई में बारीक कटा हुआ)
  • काली मिर्च - एक चैथाई छोटी चम्मच से कम
  • मेयोनीज/मक्खन - 2 चम्मच 
  • सोया सास - एक छोटी चम्मच
  • नमक  - स्वादानुसार 
  • तेल/घी  - वेजिटेबल रोल तलने के लिये

वेजिटेबल रोल कैसे बनाएँ? 
  • किसी बर्तन में आटा को छान कर गूँथ लें।
  • अब वेजिटेबल रोल के अन्दर भरने के लिये पिठ्ठी तैयार करें। 
  • कढ़ाई में 1 चम्मच तेल डालकर गरम करें।
  • अब कढ़ाई में अदरक, कटा हुआ पत्ता गोभी, गाजर और मटर डालें।
  • 1 मिनिट भूनने के बाद उतार लें।
  • अब उसमें काली मिर्च, सोया सास और नमक डालकर ठंडा होने थें।
  • उसमें मेयोनीज/मक्खन डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • अब रोल में भरने के लिये पिठ्ठी तैयार हो गई है।

  • वैसे तो मैदा का रेपर बनाते समय लोग घोल तैयार करते हैं मगर मैं आटा से बना रही हूँ। 
  • आटा को पहले ही गूँथ लिया गया है।
  • अब उस आटे का रोटी बनाएँ।
  • नानस्टिक तवा गरम करें।
  • तवा बहुत अधिक गरम न हो।
  • हल्के आँच पर रोटी को दोनों ओर हाफ सेंक लें।
  • जब रोटी के दोनों ओर का रंग बदल जाय तब निकालकर प्लेट में रख लें।
  • जब रोल के लिए रैपर/रोटी तैयार हो जाए तब उसपर ऊपर की ओर 2 चम्मच पिठ्ठी/वेजिटेबल्स रखें और लंबाई में फैला लें।
  • रैपर/रोटी को पिठ्ठी/वेजिटेबल्स ढकते हुये दायें और बायें दोंनो ओर से थोड़ा-थोड़ा मोड़ लें।
  • अब ऊपर से मोड़ते हुये रोल बनायें।
  • इस प्रकार सभी रोटियों का रोल तैयार कर लें।

  • अब कढाई में तेल डालकर गरम करें।
  • गरम तेल में 2 वेजिटेबल रोल डालकर तलें।
  • वेजिटेबल रोल को पलट-पलट कर ब्राउन होने तक तलें।
  • प्लेट में नेपकिन पेपर बिछाकर वेज रोल कढ़ाई से निकाल कर इस पर रखें।
  • इस प्रकार सभी वेजिटेबल रोल तल कर निकाल लें।

  • इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू का टेस्टी वेजिटेबल रोल तैयार है।
  • इसे आप बड़े गर्व से ब्रेकफास्ट, स्नैक्स के रूप में या बच्चे के टिफिन में रख सकती हैं।
  • इसके साथ वीकेंड को स्पेशल बना सकती हैं। 
  • यह आटे से बना है अतः सुपाच्य है और हरी सब्जियों के साथ के कारण स्वास्थ्यवर्धक भी।

                                                      .............

Wednesday, 3 February 2016

शुद्ध घी

    यह तो आप मानते ही हैं कि भारतीय खाने में घी की अपनी अहम भूमिका है। घी न सिर्फ आपके खाने का टेस्ट कई गुना बढ़ा देता है बल्कि इसके एंटी ऑक्सीडेंट्स और जरूरी पोषक तत्त्व आपके स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं। आमतौर पर हमारे घरों में बाजार से घी लाया जाता हैं लेकिन बाजार के घी में शुद्धता का खतरा रहता है। हमारे स्वास्थ्य के लिए मिलावटी चीजें फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। अगर आप शुद्ध घी खाना चाहते हैं तो अपने घर पर भी बना सकते हैं। ये बहुत आसान और किफायती है।  

 शुद्ध घी का वैज्ञानिक और धार्मिक आधार भी है। शुद्ध घी में मनुष्य के शरीर में पहुंचे रेडियोधर्मी विकिरणों का दुष्प्रभाव नष्ट करने की असीम क्षमता हैं। अग्नि में शुद्ध घी कि आहुति देने से उसका धुआँ जहाँ तक फैलता है, वहाँ तक का सारा वातावरण प्रदूषण और आण्विक विकरणों से मुक्त हो जाता हैं। सबसे आश्चर्यजनक बात तो यह है कि एक चम्मच घी को अग्नि में डालने से एक टन प्राणवायु (ऑक्सीजन) बनती हैं जो अन्य किसी भी उपाय से संभव नहीं हैं।

   शुद्ध घी को रसायन कहा गया है। शुद्ध घी खाने से बूढ़ा व्यक्ति भी फूर्तिला हो जाता है। घी में स्वर्ण छार पाए जाते हैं जिसमे अदभुत औषधीय गुण होते है।  शुद्ध घी के सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है। मैं हमेशा अपने टेस्टफुल मेनू में रखने के लिए घर पर ही तैयार किया हुआ घी रखती हूँ। आप भी एक बार बनाकर देखिए, आपको आनन्द भी आएगा और शुद्धता की पूरी गारंटी मिलेगी।
शुद्ध घी के लिए आवश्यक सामग्री -
  • मलाई जमा करने के लिए एक कंटेनर
  • एक छननी
  • घी पकाने के लिए बर्तन
  • मक्खन निकालने के लिए मथनी
  • तैयार घी रखने के लिए अलग कंटेनर
शुद्ध घी कैसे बनाएँगे?
  • घर पर घी बनाना वैसे तो काफी आसान है, बस इसके लिए पहले से थोड़ी प्लानिंग की जरूरत होती है। इस बनाने की प्रक्रिया मलाई जमा करने से शुरू होती है। ये मलाई आप दूध या दही से निकालकर एक कंटेनर में जमा करें। 
  • ध्यान रखें की मलाई के कंटेनर को फ्रिज में रखा जाए, ताकि खराब न हो जाए।
  • जब आपकी जरूरत के अनुसार मलाई जमा हो जाए तो उसे एक बड़े बर्तन में पलट लें। 
  • अब मथनी की मदद से मलाई को तब तक फेंटें जब तक कि उसके ऊपर अलग से मक्खन न उतर आए।
  • जाड़े के मौसम में मक्खन निकलने में बिलंब हो तो थोड़ा सा गरम पानी डाल दें। आप देखेंगे कि ऊपर एक बादल जैसी परत बन जाएगी। 
  • अब इस मक्खन की परत को अलग से निकाल लें। 
  • अगर आप चाहें तो इस मक्खन को खाने के लिए इस्तेमाल में ला सकते हैं।
  • अब बची हुई मथी मलाई के बर्तन को गैस पर रखें और पिघलने दें। 
  • कम आंच में रखकर इसमें एक उबाल के साथ सुनहरे-पीले होने तक पकाएँ।
  • उबलते मक्खन को बीच-बीच में चम्मच की सहायता से हिलाते रहें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए शुद्ध घी तैयार है। 

  • तैयार शुद्ध घी को छानकर स्टील या काँच के कंटेनर में जमने के लिए रख दें और जरूरत पड़ने पर इस खुशबूदार शुद्ध घी का इस्तेमाल करें।
  • निश्चय ही आपकी टेस्टफुल मेनू के स्वाद में चार चाँद लग जाएगा।

                                                       ------------------



   

Saturday, 30 January 2016

मिक्स हरी चटनी


 चटनी शब्द सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है। चटनी मूल रूप से भारत का सॉस है। भारत में चटनी के अनगिनत प्रकार मिल जाते हैं। हम बचपन से ही विविध प्रकार की चटनियों का आनंद लेते आ रहे हैं। तब माँ सिलबट्टे पर पीसकर चटनी बनाती थी। आज भी अच्छी तरह याद है कि माँ या बुआ लोग पीसने के दौरान थोड़ा-थोड़ा पानी डालती थीं और उनके पीसने के साथ ही नाक में चटनी की गंध भर जाती थी। मुँह में पानी भर जाता था और मन चटनी का स्वाद जीभ पर रखने के लिए मचलने लगता था। 
   तब सिलबट्टे पर चटनी पीसने में बैठकर मेहनत करनी होती थी, परंतु आज मिक्सी में मेहनत खत्म हो गई।  भले समय और मेहनत की बचत हो गई, पर यह तो है ही कि सिलबट्टे की चटनी का स्वाद अब मिक्सी वाली चटनी से नहीं आता। खैर, चटनी तो चटनी है। आज भी मुँह में पानी भर आता ही है। इसलिए आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू के लिए मिक्स चटनी रखा है। आप भी बड़ी आसानी से बनाकर चटखारे ले सकती हैं। 
मिक्स हरी चटनी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री -


  • हरा धनिया – आधा छोटी कटोरी
  • हरी मिर्च – 2
  • लहसुन - 1 गाँठ 
  • पुदीना - 1/4 छोटी कटोरी
  • नींबू – 1
  • नमक – स्वादासानुर 

मिक्स हरी चटनी कैसे बनाएँ?
  • मिक्स हरी चटनी बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च, हरा धनिया, पुदीना और अदरक को अच्छी तरह धो लें। 
  • अब धनिया, पुदीना और हरी मिर्च की डंठल तोड़ लें। 
  • अदरक और लहसुन को छीलकर साफ कर लें। 
  • मिक्सी में हरी मिर्च, अदरक, पुदीना, लहसुन, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर पीस लें। 
  • अब नींबू का रस डाल कर एक बार और मिक्सी चला लें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए मिक्स हरी चटनी तैयार है। 
  • यह चटनी हल्के खट्टेपन के साथ तीखी और ठंडी बनेगी। 

  • अब आप किसी भी स्नेक्स के साथ परोस सकती हैं। 
  • इसे ब्रेकफास्ट या डिनर में भी रखकर अपने डाइनिंग हॉल में चटखारे सुन सकती हैं। 

                                                 --------------

Friday, 29 January 2016

क्रीमी-क्रंची चपाती

    मेरा चार वर्षीय बेटा अक्सर खाने में आना-कानी करता रहता है। मैं उसके लिए हमेशा कुछ नया सोचती रहती हूँ। हमारे घरों में अधिकतर गेहूँ के आटे से चपाती बनाई जाती है। गेहूँ के आटे से बनी (चपाती) रोटी जल्दी पचती है और आसानी से बन जाती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होती है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में उसके लिए क्रीमी और क्रंची चपाती रखा। यह चपाती आपको स्पेनिश खाना क्वेसाडिल्ला और इटालियन खाना टॉरटिल्ला की याद जाएगी। मेरी क्रीमी-क्रंची चपाती की रेसिपी कुछ वैसी ही है। हाँ, यह पूरी तरह से वेजिटेरियन है तथा बनाने में बहुत ही आसान। इसे हम अपनी भारतीय किचेन में बड़ी आसानी से बना सकते हैं। मैं पूर्ण विश्वास के साथ कह सकती हूँ कि यह क्रीमी-क्रंची चपाती आपके किड्स में डिनर के लिए बेचैनी जगा देगी। एक बार आप भी बनाकर देखिए, अपने बच्चे के डाइट के प्रति आपको चिंतित नहीं रहना पड़ेगा। 
क्रीमी-क्रंची चपाती के लिए आवश्यक सामग्री -


  • आटा - 2 कप (गूँथा हुआ)
  • मक्खन या मेयोनीज - 4 चमम्च 
  • घी - 4 चम्मच
 
सब्जी के लिए -



  • मटर - 1 कप
  • आलू - 2 
  • पत्ता गोभी - 1 कटोरी (कटा हुआ)
  • प्याज - 1 (कटा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1/2 चमम्च 
  • हल्दी पाउडर - 1/2 चमम्च 
  • नमक - स्वादानुसार 

क्रीमी-क्रंची चपाती कैसे बनाएँ?
  • बच्चों के लिए क्रीमी-क्रंची चपाती बनाने के लिए सबसे पहले आटा गूँथ कर रख लें। 
  • अब मटर, आलू, पत्ता गोभी और प्याज आदि की सब्जी बनाएँ। 
  • कड़ाही में एक चम्मच घी डालें। 
  • घी के गरम हो जाने पर सब्जी की छौंक लगाएँ। 
  • सब्जी में स्वाद के लिए धनिया, हल्दी पाउडर  और नमक डालें। 
  • बच्चों के लिए सब्जी बनाते समय मिर्च न डालें। 
  • अब सब्जी को किसी खुले बरतन (प्लेट आदि) में 1-2 मिनट ठंडा होने दें। 
  • सब्जी ठंडा होने पर उसमे 4 चमम्च मक्खन या मेयोनीज डालकर मैस कर लें। 

  • अब चूल्हे पर नॉन-स्टीक तवा चढ़ाएँ। 
  • तवे पर चपाती को एक ओर हल्का सेंक कर पलट लें। 
  • पलटने के बाद मैस की हुई सब्जी और मक्खन या मेयोनीज को चम्मच की सहायता से चपाती के आधे हिस्से में रखें। 

  • अब आधी चपाती को मैस की हुई सब्जी और मक्खन या मेयोनीज पर मोड़ दें। 
  • अब तवे पर 1 चम्मच घी डालकर चपाती को उलट-पलटकर सेंकें। 
  • इससे आपकी क्रीमी चपाती क्रंची हो जाएगी और आपके बच्चे को बेहद पसंद आएगी।  

  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए चपाती तैयार है। 
  • आप किसी प्लेट में निकालें तथा चाकू से दो-तीन भागों में काटकर अपने बच्चे हो दें। 
  • छोटे-छोटे टुकड़े से वह ऊबेगा नहीं। 
  • आपके बच्चे को एक नया स्वाद मिलेगा और आपको उसकी डाइट को लेकर चिंता से मुक्ति। 

                                                  --------------

Thursday, 28 January 2016

बेसन की सब्जी


  बेसन का उपयोग हम अक्सर अपने किचेन में अलग-अलग प्रकार से करते रहते हैं। इसका उपयोग बहुत से देशों में होता है किन्तु भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश में भोजन में सबसे अधिक प्रयोग किया जाता है। आपने बेसन की पकौड़ियाँ तो बहुत खाई होंगी, चिल्ले स्वाद तो लिया होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि बेसन की सब्जी भी बहुत स्वादिष्ट बनती है। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में बेसन की सब्ज़ी रखा है। आप भी इस रसदार सब्ज़ी को बनाकर एक ग्रेवी वाली सब्ज़ी का आनंद ले सकती हैं। तो आइए आज हम बेसन की सब्जी बनाते हैं। 
बेसन की सब्जी के लिए आवश्यक सामग्री -

  • चने का बेसन - 250 ग्राम 
  • प्याज - 2 (कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2-3 (बारीक़ कटी हुई)
  • अदरक - 1/2 पेस्ट 
  • लहसुन - 1/2 पेस्ट 
  • टमाटर -1 कप (बारीक़ कटा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1 चम्मच 
  • हल्दी पाउडर - 1 चम्मच
  • गरम मसाला -  1 चम्मच
  • मिर्च पाउडर -  1/2 चम्मच
  • तेल - 3 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 

बेसन की सब्जी कैसे बनाएँ?

  • सबसे पहले बेसन को छ्लनी से छान लें फिर उसे किसी बर्तन में निकाल लें। 
  • बेसन में 1/2 चम्मच हल्दी, 1/2 चम्मच गरम मसाला, स्वादानुसार नमक और लालमिर्च पाउडर डालकर उसका गाढा पेस्ट बना लें। 
  • पेस्ट को दस मिनट तक छोड़ दें। 
  • इस बीच चूल्हे पर कड़ाही चढ़ाकर उसमे दो चम्मच तेल डालें।  
  • जब तेल गर्म हो जाये तो उसे पुरी कड़ाही में फैला दें ताकि बेसन चिपके नहीं। 
  • अब तेल में बेसन का पेस्ट डालें और उसे हलवा की तरह बना लें। 
  • अब किसी थाली में बेसन निकाल लें और फैलाकर ठंढा होने दें। 
  • ठंढा होने के बाद उसे बर्फी के आकार में पीस-पीस काट लें। 
  • अब उसका ग्रेवी बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई को चूल्हे पर चढ़ाएँ। 
  • कढ़ाई को थोड़ा गरम होने दें, फिर उसमें 1 चम्मच तेल डालें। 
  • जब तेल गरम हो जाये तो उसमे कटा हुआ प्याज डालकर हलकी आँच पर 5 मिनट तक भुने। 
  • इसके बाद उसमे ½ चम्मच धनिया और ½ चम्मच हल्दी पाउडर डालकर 5 मिनट तक भुने।
  • जब मसाला तेल छोड़ने लगे तब जितना ग्रेवी चाहिए उतना पानी डालें। 
  • अब 2 मिनट बाद उसमे अदरक और लहसुन का पेस्ट डालें। 
  • 3-4 मिनट बाद कटा टमाटर डालें और पकाएँ। 
  • जब एक उबाल आ जाये तब उसमे 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1/2 चम्मच गरम मसाला डालकर 5 मिनट और पकाएँ। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए बेसन की सब्ज़ी तैयार है। 

  • आप चाहें तो बेसन की सब्जी धनिया पत्ते से सजाएँ।
  • अब गरमागरम चपाती, पराठे या चावल के साथ परोसें।




  • निश्चय ही आपको बेसन का यह स्वाद बहुत पसंद आएगा।

                                                                      --------------

Wednesday, 27 January 2016

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन



आज के समय में कॉर्न (मकई) का आनंद सालभर किसी-न-किसी प्रकार से हम उठा सकते हैं। खाने के शौकीनों को कॉर्न अपने सभी रूप में स्वादिष्ट लगता है।  वास्तविकता तो यह है कि इस सुनहरे दाने के विचार मात्र से ही मुँह में पानी आ जाता है। कॉर्न का मज़ा कॉर्नफ्लावर या कॉर्नस्टार्च के रूप में भी उठाते हैं। यह स्वाद में ही अच्छा नहीं है, हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत लाभदायक है। यह कॉर्न (मकई) पौष्टिकता से भरपूर होता है। एन्टिऑक्सिडेंट और फाइबर से पूर्ण होता है। इसमें काफ़ी मात्रा में पोटैसियम रहता है जो रक्त चाप को उन्नत करता है। वृद्ध लोगों और किडनी की बीमारी से ग्रस्त लोगों को इतने मात्रा में पोटाशियम ग्रहण करना सही नहीं होता है। उन्हें अधिक कॉर्न नहीं खाना चाहिए। 


कॉर्न (मकई) एन्टिऑक्सिडेंट से भरपूर होने के कारण सेल को क्षति पहुँचाने वाले फ्री रैडिकल से लड़ता है और हृदय की बीमारी, कैंसर आदि से लड़ने में मदद करता है। गेहूं, चावल या ओट की तुलना में कॉर्न एन्टिऑक्सिडेंट का अच्छा स्रोत होता है। इसके अलावा कैरिटेनॉएड, विटामिन सी और विटामिन ई का भी स्रोत है। फाइबर से भरपूर होने के कारण कब्ज़ की बीमारी को दूर करने में मदद करता है। शरीर से टॉक्सिन दूर करने में भी मदद करता है।

हम अपनी सब्जियों में अक्सर स्वीट कॉर्न का उपयोग अलग-अलग तरह से करते रहते हैं। आज मैंने इसका उपयोग ऑनियन (प्याज) के साथ किया। यह स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन बहुत ही आसानी से बन गया तथा सबको स्वादिष्ट भी लगा। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में 'स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन' रखा है। आप भी बनाइए और एक अलग स्वाद का आनंद लीजिए। 

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन के लिए आवश्यक सामग्री -
  • स्वीट कॉर्न -1 कप (उबला हुआ)
  • प्याज - 2 कप (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 1 चम्मच
  • अदरक -1/2 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • लहसुन - 1 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • जीरा - 1 चिटुकी 
  • हरी मिर्च - 1 (लम्बी कटी हुई)
  • हल्दी पाउडर -1/2 चम्मच
  • गरम मसाला - 1/2 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले प्याज़ को छिल कर बारीक काट लें। 
  • फिर अदरक और लहसुन को भी बारीक काट लें। 
  • एक कढ़ाई में तेल गरम करे और जीरा डाल कर भूने। 
  • जीरा भून जाने पर मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर पकाएँ। 
  • अब बारीक कटा हुआ प्याज डालकर ब्राउन होने तक पकाएँ। 
  • प्याज पक जाने के बाद उसमें हल्दी और गरम मसाला डालकर मिला लें। 
  • अब सब्जी को 5 मिनट तक धीमी आँच पर तेल छूटने तक पकाएँ। 
  • अब उबले हुए कॉर्न (मकई) डालकर मिला लें तथा 2-3 मिनट पकने दें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन तैयार है। 

आप अब गरमा गरम रोटी, चपाती या पराठे के साथ स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन परोसें और एक अलग स्वाद का आनंद लें। 
                                                                   ----------------

Tuesday, 26 January 2016

पनीर भुर्जी


    पनीर भुर्जी एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे दुनियाभर के भारतीय लोग पसंद करते हैं। यह एक आसान, मसालेदार व्यंजन है, जो ब्रेड, पराठा या रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है। मैं अपने बेटे या पति के टिफ़िन के लिए कई बार पनीर भुर्जी  को मलासा डोसा में आलू के प्रयोग की तरह प्रयोग कराती हूँ। उन्हें भी पनीर भुर्जी का यह रूप बेहद पसंद आता है। एक बात है कि पनीर भुर्जी के लिए ताज़े पनीर का उपयोग करना चाहिए और इसे परोसने के तुरंत पहले बनाना चाहिए, नहीं तो वह नम पड़ जाएगा। आज फिर मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में पनीर भुर्जी रखा है। आप भी बनाकर देखिए। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और बनाने में बेहद आसान है। 
पनीर भुर्जी  के लिए आवश्यक सामग्री -


  • पनीर - 250 ग्राम
  • प्याज़ - 1/2 कप (बारीक या लम्बा कटा हुआ)
  • घी/तेल  - 1 चम्मच 
  • जीरा - 1/2 चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 2चुटकी
  • हरी मिर्च - 1-2 (लम्बा कटा)
  • अदरक - 1 इंच लंबा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • गरम मसाला - 1/6 छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 
पनीर भुर्जी कैसे बनाएँ?


  • एक नॉन-स्टिक कड़ाही में घी/तेल गरम करें और उसमे जीरा डालें। 
  • जब जीरा चटखने लगे तब उसमे प्याज़ डालें और तेज़ आँच पर 1-2 मिनट भूनें। 
  • उसमे 2 चम्मच पानी डालें और अच्छे से मिलाएँ। 
  • अब धीमी आँच पर 2-3 मिनट लगातार चलाते हुए पकाएँ। 
  • उसमे गरम मसाला, हल्दी, हरी मिर्च और 1 चम्मच पानी डालें। 
  • अब अच्छे से मिलाकर मध्यम आँच पर 1-2 मिनट लगातार चलाते हुए पकाएँ। 
  • अब पनीर,नमक और 1 चम्मच पानी डालें तथा अच्छे से मिलाकर मध्यम आँच पर 1-2 मिनट पकाएँ। 
  • पनीर जले नहीं, इसके लिए बीच-बीच में चलते रहें। 

   अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए गरमा गरम पनीर भुर्जी तैयार है। 
                                                    -----------------------