Saturday, 30 January 2016

मिक्स हरी चटनी


 चटनी शब्द सुनते ही मुँह में पानी आ जाता है। चटनी मूल रूप से भारत का सॉस है। भारत में चटनी के अनगिनत प्रकार मिल जाते हैं। हम बचपन से ही विविध प्रकार की चटनियों का आनंद लेते आ रहे हैं। तब माँ सिलबट्टे पर पीसकर चटनी बनाती थी। आज भी अच्छी तरह याद है कि माँ या बुआ लोग पीसने के दौरान थोड़ा-थोड़ा पानी डालती थीं और उनके पीसने के साथ ही नाक में चटनी की गंध भर जाती थी। मुँह में पानी भर जाता था और मन चटनी का स्वाद जीभ पर रखने के लिए मचलने लगता था। 
   तब सिलबट्टे पर चटनी पीसने में बैठकर मेहनत करनी होती थी, परंतु आज मिक्सी में मेहनत खत्म हो गई।  भले समय और मेहनत की बचत हो गई, पर यह तो है ही कि सिलबट्टे की चटनी का स्वाद अब मिक्सी वाली चटनी से नहीं आता। खैर, चटनी तो चटनी है। आज भी मुँह में पानी भर आता ही है। इसलिए आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू के लिए मिक्स चटनी रखा है। आप भी बड़ी आसानी से बनाकर चटखारे ले सकती हैं। 
मिक्स हरी चटनी बनाने के लिए आवश्यक सामग्री -


  • हरा धनिया – आधा छोटी कटोरी
  • हरी मिर्च – 2
  • लहसुन - 1 गाँठ 
  • पुदीना - 1/4 छोटी कटोरी
  • नींबू – 1
  • नमक – स्वादासानुर 

मिक्स हरी चटनी कैसे बनाएँ?
  • मिक्स हरी चटनी बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च, हरा धनिया, पुदीना और अदरक को अच्छी तरह धो लें। 
  • अब धनिया, पुदीना और हरी मिर्च की डंठल तोड़ लें। 
  • अदरक और लहसुन को छीलकर साफ कर लें। 
  • मिक्सी में हरी मिर्च, अदरक, पुदीना, लहसुन, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर पीस लें। 
  • अब नींबू का रस डाल कर एक बार और मिक्सी चला लें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए मिक्स हरी चटनी तैयार है। 
  • यह चटनी हल्के खट्टेपन के साथ तीखी और ठंडी बनेगी। 

  • अब आप किसी भी स्नेक्स के साथ परोस सकती हैं। 
  • इसे ब्रेकफास्ट या डिनर में भी रखकर अपने डाइनिंग हॉल में चटखारे सुन सकती हैं। 

                                                 --------------

Friday, 29 January 2016

क्रीमी-क्रंची चपाती

    मेरा चार वर्षीय बेटा अक्सर खाने में आना-कानी करता रहता है। मैं उसके लिए हमेशा कुछ नया सोचती रहती हूँ। हमारे घरों में अधिकतर गेहूँ के आटे से चपाती बनाई जाती है। गेहूँ के आटे से बनी (चपाती) रोटी जल्दी पचती है और आसानी से बन जाती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होती है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में उसके लिए क्रीमी और क्रंची चपाती रखा। यह चपाती आपको स्पेनिश खाना क्वेसाडिल्ला और इटालियन खाना टॉरटिल्ला की याद जाएगी। मेरी क्रीमी-क्रंची चपाती की रेसिपी कुछ वैसी ही है। हाँ, यह पूरी तरह से वेजिटेरियन है तथा बनाने में बहुत ही आसान। इसे हम अपनी भारतीय किचेन में बड़ी आसानी से बना सकते हैं। मैं पूर्ण विश्वास के साथ कह सकती हूँ कि यह क्रीमी-क्रंची चपाती आपके किड्स में डिनर के लिए बेचैनी जगा देगी। एक बार आप भी बनाकर देखिए, अपने बच्चे के डाइट के प्रति आपको चिंतित नहीं रहना पड़ेगा। 
क्रीमी-क्रंची चपाती के लिए आवश्यक सामग्री -


  • आटा - 2 कप (गूँथा हुआ)
  • मक्खन या मेयोनीज - 4 चमम्च 
  • घी - 4 चम्मच
 
सब्जी के लिए -



  • मटर - 1 कप
  • आलू - 2 
  • पत्ता गोभी - 1 कटोरी (कटा हुआ)
  • प्याज - 1 (कटा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1/2 चमम्च 
  • हल्दी पाउडर - 1/2 चमम्च 
  • नमक - स्वादानुसार 

क्रीमी-क्रंची चपाती कैसे बनाएँ?
  • बच्चों के लिए क्रीमी-क्रंची चपाती बनाने के लिए सबसे पहले आटा गूँथ कर रख लें। 
  • अब मटर, आलू, पत्ता गोभी और प्याज आदि की सब्जी बनाएँ। 
  • कड़ाही में एक चम्मच घी डालें। 
  • घी के गरम हो जाने पर सब्जी की छौंक लगाएँ। 
  • सब्जी में स्वाद के लिए धनिया, हल्दी पाउडर  और नमक डालें। 
  • बच्चों के लिए सब्जी बनाते समय मिर्च न डालें। 
  • अब सब्जी को किसी खुले बरतन (प्लेट आदि) में 1-2 मिनट ठंडा होने दें। 
  • सब्जी ठंडा होने पर उसमे 4 चमम्च मक्खन या मेयोनीज डालकर मैस कर लें। 

  • अब चूल्हे पर नॉन-स्टीक तवा चढ़ाएँ। 
  • तवे पर चपाती को एक ओर हल्का सेंक कर पलट लें। 
  • पलटने के बाद मैस की हुई सब्जी और मक्खन या मेयोनीज को चम्मच की सहायता से चपाती के आधे हिस्से में रखें। 

  • अब आधी चपाती को मैस की हुई सब्जी और मक्खन या मेयोनीज पर मोड़ दें। 
  • अब तवे पर 1 चम्मच घी डालकर चपाती को उलट-पलटकर सेंकें। 
  • इससे आपकी क्रीमी चपाती क्रंची हो जाएगी और आपके बच्चे को बेहद पसंद आएगी।  

  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए चपाती तैयार है। 
  • आप किसी प्लेट में निकालें तथा चाकू से दो-तीन भागों में काटकर अपने बच्चे हो दें। 
  • छोटे-छोटे टुकड़े से वह ऊबेगा नहीं। 
  • आपके बच्चे को एक नया स्वाद मिलेगा और आपको उसकी डाइट को लेकर चिंता से मुक्ति। 

                                                  --------------

Thursday, 28 January 2016

बेसन की सब्जी


  बेसन का उपयोग हम अक्सर अपने किचेन में अलग-अलग प्रकार से करते रहते हैं। इसका उपयोग बहुत से देशों में होता है किन्तु भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश में भोजन में सबसे अधिक प्रयोग किया जाता है। आपने बेसन की पकौड़ियाँ तो बहुत खाई होंगी, चिल्ले स्वाद तो लिया होगा, लेकिन क्या आपको पता है कि बेसन की सब्जी भी बहुत स्वादिष्ट बनती है। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में बेसन की सब्ज़ी रखा है। आप भी इस रसदार सब्ज़ी को बनाकर एक ग्रेवी वाली सब्ज़ी का आनंद ले सकती हैं। तो आइए आज हम बेसन की सब्जी बनाते हैं। 
बेसन की सब्जी के लिए आवश्यक सामग्री -

  • चने का बेसन - 250 ग्राम 
  • प्याज - 2 (कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 2-3 (बारीक़ कटी हुई)
  • अदरक - 1/2 पेस्ट 
  • लहसुन - 1/2 पेस्ट 
  • टमाटर -1 कप (बारीक़ कटा हुआ)
  • धनिया पाउडर - 1 चम्मच 
  • हल्दी पाउडर - 1 चम्मच
  • गरम मसाला -  1 चम्मच
  • मिर्च पाउडर -  1/2 चम्मच
  • तेल - 3 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 

बेसन की सब्जी कैसे बनाएँ?

  • सबसे पहले बेसन को छ्लनी से छान लें फिर उसे किसी बर्तन में निकाल लें। 
  • बेसन में 1/2 चम्मच हल्दी, 1/2 चम्मच गरम मसाला, स्वादानुसार नमक और लालमिर्च पाउडर डालकर उसका गाढा पेस्ट बना लें। 
  • पेस्ट को दस मिनट तक छोड़ दें। 
  • इस बीच चूल्हे पर कड़ाही चढ़ाकर उसमे दो चम्मच तेल डालें।  
  • जब तेल गर्म हो जाये तो उसे पुरी कड़ाही में फैला दें ताकि बेसन चिपके नहीं। 
  • अब तेल में बेसन का पेस्ट डालें और उसे हलवा की तरह बना लें। 
  • अब किसी थाली में बेसन निकाल लें और फैलाकर ठंढा होने दें। 
  • ठंढा होने के बाद उसे बर्फी के आकार में पीस-पीस काट लें। 
  • अब उसका ग्रेवी बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई को चूल्हे पर चढ़ाएँ। 
  • कढ़ाई को थोड़ा गरम होने दें, फिर उसमें 1 चम्मच तेल डालें। 
  • जब तेल गरम हो जाये तो उसमे कटा हुआ प्याज डालकर हलकी आँच पर 5 मिनट तक भुने। 
  • इसके बाद उसमे ½ चम्मच धनिया और ½ चम्मच हल्दी पाउडर डालकर 5 मिनट तक भुने।
  • जब मसाला तेल छोड़ने लगे तब जितना ग्रेवी चाहिए उतना पानी डालें। 
  • अब 2 मिनट बाद उसमे अदरक और लहसुन का पेस्ट डालें। 
  • 3-4 मिनट बाद कटा टमाटर डालें और पकाएँ। 
  • जब एक उबाल आ जाये तब उसमे 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1/2 चम्मच गरम मसाला डालकर 5 मिनट और पकाएँ। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए बेसन की सब्ज़ी तैयार है। 

  • आप चाहें तो बेसन की सब्जी धनिया पत्ते से सजाएँ।
  • अब गरमागरम चपाती, पराठे या चावल के साथ परोसें।




  • निश्चय ही आपको बेसन का यह स्वाद बहुत पसंद आएगा।

                                                                      --------------

Wednesday, 27 January 2016

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन



आज के समय में कॉर्न (मकई) का आनंद सालभर किसी-न-किसी प्रकार से हम उठा सकते हैं। खाने के शौकीनों को कॉर्न अपने सभी रूप में स्वादिष्ट लगता है।  वास्तविकता तो यह है कि इस सुनहरे दाने के विचार मात्र से ही मुँह में पानी आ जाता है। कॉर्न का मज़ा कॉर्नफ्लावर या कॉर्नस्टार्च के रूप में भी उठाते हैं। यह स्वाद में ही अच्छा नहीं है, हमारे स्वास्थ्य के लिए भी बहुत लाभदायक है। यह कॉर्न (मकई) पौष्टिकता से भरपूर होता है। एन्टिऑक्सिडेंट और फाइबर से पूर्ण होता है। इसमें काफ़ी मात्रा में पोटैसियम रहता है जो रक्त चाप को उन्नत करता है। वृद्ध लोगों और किडनी की बीमारी से ग्रस्त लोगों को इतने मात्रा में पोटाशियम ग्रहण करना सही नहीं होता है। उन्हें अधिक कॉर्न नहीं खाना चाहिए। 


कॉर्न (मकई) एन्टिऑक्सिडेंट से भरपूर होने के कारण सेल को क्षति पहुँचाने वाले फ्री रैडिकल से लड़ता है और हृदय की बीमारी, कैंसर आदि से लड़ने में मदद करता है। गेहूं, चावल या ओट की तुलना में कॉर्न एन्टिऑक्सिडेंट का अच्छा स्रोत होता है। इसके अलावा कैरिटेनॉएड, विटामिन सी और विटामिन ई का भी स्रोत है। फाइबर से भरपूर होने के कारण कब्ज़ की बीमारी को दूर करने में मदद करता है। शरीर से टॉक्सिन दूर करने में भी मदद करता है।

हम अपनी सब्जियों में अक्सर स्वीट कॉर्न का उपयोग अलग-अलग तरह से करते रहते हैं। आज मैंने इसका उपयोग ऑनियन (प्याज) के साथ किया। यह स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन बहुत ही आसानी से बन गया तथा सबको स्वादिष्ट भी लगा। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में 'स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन' रखा है। आप भी बनाइए और एक अलग स्वाद का आनंद लीजिए। 

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन के लिए आवश्यक सामग्री -
  • स्वीट कॉर्न -1 कप (उबला हुआ)
  • प्याज - 2 कप (बारीक कटा हुआ)
  • तेल - 1 चम्मच
  • अदरक -1/2 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • लहसुन - 1 चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • जीरा - 1 चिटुकी 
  • हरी मिर्च - 1 (लम्बी कटी हुई)
  • हल्दी पाउडर -1/2 चम्मच
  • गरम मसाला - 1/2 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 

स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले प्याज़ को छिल कर बारीक काट लें। 
  • फिर अदरक और लहसुन को भी बारीक काट लें। 
  • एक कढ़ाई में तेल गरम करे और जीरा डाल कर भूने। 
  • जीरा भून जाने पर मिर्च, अदरक और लहसुन डालकर पकाएँ। 
  • अब बारीक कटा हुआ प्याज डालकर ब्राउन होने तक पकाएँ। 
  • प्याज पक जाने के बाद उसमें हल्दी और गरम मसाला डालकर मिला लें। 
  • अब सब्जी को 5 मिनट तक धीमी आँच पर तेल छूटने तक पकाएँ। 
  • अब उबले हुए कॉर्न (मकई) डालकर मिला लें तथा 2-3 मिनट पकने दें। 
  • अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन तैयार है। 

आप अब गरमा गरम रोटी, चपाती या पराठे के साथ स्वीट कॉर्न विथ ऑनियन परोसें और एक अलग स्वाद का आनंद लें। 
                                                                   ----------------

Tuesday, 26 January 2016

पनीर भुर्जी


    पनीर भुर्जी एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे दुनियाभर के भारतीय लोग पसंद करते हैं। यह एक आसान, मसालेदार व्यंजन है, जो ब्रेड, पराठा या रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है। मैं अपने बेटे या पति के टिफ़िन के लिए कई बार पनीर भुर्जी  को मलासा डोसा में आलू के प्रयोग की तरह प्रयोग कराती हूँ। उन्हें भी पनीर भुर्जी का यह रूप बेहद पसंद आता है। एक बात है कि पनीर भुर्जी के लिए ताज़े पनीर का उपयोग करना चाहिए और इसे परोसने के तुरंत पहले बनाना चाहिए, नहीं तो वह नम पड़ जाएगा। आज फिर मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में पनीर भुर्जी रखा है। आप भी बनाकर देखिए। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और बनाने में बेहद आसान है। 
पनीर भुर्जी  के लिए आवश्यक सामग्री -


  • पनीर - 250 ग्राम
  • प्याज़ - 1/2 कप (बारीक या लम्बा कटा हुआ)
  • घी/तेल  - 1 चम्मच 
  • जीरा - 1/2 चम्मच
  • हल्दी पाउडर - 2चुटकी
  • हरी मिर्च - 1-2 (लम्बा कटा)
  • अदरक - 1 इंच लंबा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • गरम मसाला - 1/6 छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 
पनीर भुर्जी कैसे बनाएँ?


  • एक नॉन-स्टिक कड़ाही में घी/तेल गरम करें और उसमे जीरा डालें। 
  • जब जीरा चटखने लगे तब उसमे प्याज़ डालें और तेज़ आँच पर 1-2 मिनट भूनें। 
  • उसमे 2 चम्मच पानी डालें और अच्छे से मिलाएँ। 
  • अब धीमी आँच पर 2-3 मिनट लगातार चलाते हुए पकाएँ। 
  • उसमे गरम मसाला, हल्दी, हरी मिर्च और 1 चम्मच पानी डालें। 
  • अब अच्छे से मिलाकर मध्यम आँच पर 1-2 मिनट लगातार चलाते हुए पकाएँ। 
  • अब पनीर,नमक और 1 चम्मच पानी डालें तथा अच्छे से मिलाकर मध्यम आँच पर 1-2 मिनट पकाएँ। 
  • पनीर जले नहीं, इसके लिए बीच-बीच में चलते रहें। 

   अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए गरमा गरम पनीर भुर्जी तैयार है। 
                                                    -----------------------

Monday, 25 January 2016

मटर-गाजर का पुलाव

चावल तो सभी पसन्द करते हैं, लेकिन इसमें हरी सब्जियाँ डाल कर पुलाव बना दें तो इसकी स्वाद और पौष्टिकता बढ़ जाती है। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू में मटर-गाजर का पुलाव बनाया है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी देखें तो मटर और गाजर, दोनों लाभदायक हैं। मटर शरीर में मौजूद आयरन, जिंक, मैगनीज और तांबा शरीर को बीमारियों से बचाता है। यह प्राकृतिक स्क्रब का भी काम करता है। वजन को नियंत्रित तो करता ही है, पेट के कैंसर में भी औषधि का काम करता है। उसी प्रकार गाजर भी हमें तंदुरुस्त रखने के लिए बहुत सारे खास गुण होते हैं। में लाभकारी है। गाजर शरीर से गंदे पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करती है। यह अल्सर जैसी खतरनाक बीमारी में भी फायदा करती है। गाजर में विटामिन ‘ई’ प्रचुर मात्रा में होता है। इसमें एक विशेष गुण यह रहता है कि इसके सेवन से नवीन रक्त का निर्माण शीघ्रता एवं प्रचुरता के साथ होता है। इसलिए यह प्रकृति-प्रदत्त उत्तम टॉनिक का कार्य भी करती है। तो आइए आज मैं मटर-गाजर का पुलाव बनाती हूँ।



मटर-गाजर के पुलाव के लिए आवश्यक सामग्री -
  • बासमती चावल - 2 कप (15 मिनट पहले भिगोए हुए)
  • प्याज़ - 1 (बारीक कटा हुआ)
  • मटर - 1 कप
  • गाजर - 1 कप (कटा हुआ)
  • घी - 1 चम्मच
  • लौंग - 3-4
  • दालचीनी - 1 इंच
  • हरी इलाइची - 2-3
  • तेज पत्ता - 2
  • हरी मिर्च - 2-3 (लम्बाई में कटी हुई)
  • हरी धनिया - ¼ कप (कटी हुई)
  • नमक - स्वादानुसार
मटर-गाजर का पुलाव कैसे बनाएँ?
  • सबसे पहले एक प्रैशर कुकर में घी डालकर गर्म करें।
  • अब इसमें प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें, फिर इसमें मटर और गाजर डालकर 2 मिनट चलाएँ।
  • अब लौंग, इलाइची, तेजपत्ता डाले और पकने दें।
  • हरी मिर्च डालकर 2 मिनट तक भूने।
  • भीगे हुए चावल मिला कर 2-3 मिनट और भूने।
  • अब दो कप पानी और स्वादानुसार नमक मिला के उबलने दें।
  • एक उबल आने के बाद कुकर का ढक्कन बंद करके एक सीटी आने तक पकाएँ।
अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए मटर-गाजर का पुलाव तैयार है।
कुकर ठंडा होने पर गरमागरम मटर-गाजर का पुलाव निकालें और उसपर धनिया पत्ती डालकर अपनी मनपसंद करी या ग्रेवी वाली सब्जी के के साथ परोसे और खाएँ।
-------------------

Saturday, 23 January 2016

खास्ता खजूर

स्वाद में मीठे, एकदम खस्ता, कुरकुरे खजूर बिहार, झारखंड और मध्य-प्रदेश के कुछ हिस्सों की पारम्परिक रेसीपी है। इसे ठेकुआ भी कहते हैं। इसे छठ पूजा के मौके पर विशेष रूप से बनाया जाता है। यह तो एक ऐसा स्वादिष्ट व्यंजन है जिसे कि आप कभी भी अपनी किचेन के टेस्टफुल मेनू में रख सकती हैं। इसे आप कई दिन तक रखकर खा सकती हैं, खिला सकती हैं।

Khasta
  • मैदा – 300 ग्राम
  • चीनी – 150 ग्राम
  • सूजी – 50 ग्राम
  • नारियल – 50 ग्राम कद्दूकस किया हुआ (आप चाहें तो काजू, किशमिश, छुहारे आदि ड्राई फ्रूट डाल सकती हैं)
  • घी – 4 टेबल स्पून मैदा में डालकर गूंथने के लिये
  • इलायची – 5 कूटी हुई
  • तेल -तलने के लिए
Khasta1
  • सबसे पहले इलायची को छील कर इसका पाउडर बना लीजिए।
  • किसी बर्तन में मैदा निकाल लें तथा उसमें कूटी इलायची और कद्दूकस किया हुआ नारियल तथा चीनी डाल दें।
  • अब घी और थोड़े पानी की सहायता से एकदम सख्त और हल्का सूखा आटा गूंथ कर तैयार कर लें।
  • आटा गूंथ कर तैयार है, अब इस आटे से खजूर (ठेकुआ) बनाएँ।
  • इसे बनाने के लिए लोग कई प्रकार के साँचे का भी प्रयोग करते हैं जिससे कि खजूर देखने में भी सुन्दर होता है।
  • अब आप कढ़ाई में तेल डालकर गरम करें।
  • आटे में से थोडा़ सा आटा तोड़कर इसको हथेली की सहायता से गोल या लम्बे आकार में बाइन्ड करते हुये लोई बना लीजिए और हाथ से दबाकर या साँचे पर रखकर डिजाईन में तैयार कर लें।
  • इसी तरह अगर गोल लोई बनाना चाहते हैं तो लोई को गोल आकार देते हुए गोल खजूर बना लें।
  • सारे आटे से खजूर बना लेने के बाद इन्हें मीडिय़म गरम तेल में डालकर तल लें।
  • तेल में जितने ठेकुए आ जाएँ उतने डाल लें और पलट-पलट कर ब्राउन होने तक तलें।
  • जब खजूर ब्राउन हो जाए तब इन्हें निकाल लें और एक प्लेट में पेपर नैपकिन बिछा कर रखें।


  • अब आपके टेस्टफुल मेनू के लिए बहुत ही स्वादिष्ट खजूर (ठेकुआ) बनकर के तैयार हैं।
  • आप इस खजूर (ठेकुआ) को एक माह तक खाने के लिए उपयोग में ला सकती हैं।
—————-

लिट्टी



लिट्टी एक प्रकार का व्यंजन है जिसे चोखे के साथ स्वादिष्ट व्यंजन माना जाता है। यह बिहार, झारखंड और उत्तरप्रदेश के विशेष व्यंजनों में से एक है। लिट्टी देखने में तो राजस्थान की बाटी जैसी लगती है, लेकिन अंतर है। लिट्टी के अन्दर सत्तू भरा जाता है।  यह खाने में बेहद ही लज़ीज़ व्यंजन है। आप ही अपनी मेनू में रख सकती हैं। आज मैंने अपने टेस्टफुल मेनू को लिट्टी से समृद्ध किया है। 

लिट्टी के लिए आवश्यक सामग्री -



  • आटा - 500 ग्राम 
  • चने का सत्तू 200 ग्राम 
  • लहसुन - 7-8 (बारीक़ कटा हुआ) 
  • अदरक - 1 टुकड़ा (बारीक़ कटा हुआ) 
  • प्याज - 1 (बारीक़ कटा हुआ)
  • हरी मिर्च - 4-5 (बारीक कटी हुई)
  • तेल - 4 चम्मच (सत्तू में डालने के लिए)
  • अजवाइन -1 चम्मच  
  • कलौंजी -1/2 चम्मच 
  • नींबू का रस - 1 बड़ा चम्मच 
  • हरा धनिया - 1/2 कप (बारीक़ कटा हुआ)
  • 2 भरे हुए लाल मिर्च के अचार का मसाला 
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल - लिट्टी तलने के लिए 

लिट्टी कैसे बनाएँ?



  • आटे को छान कर बर्तन में निकाल लें और गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथ लें। 
  •  गूथे हुए आटे को ढंककर आधे घंटे के लिए रख लें। 
  • अब लिट्टी में भरने के लिए सत्तू तैयार करें। 
  • सबसे पहले अदरक को धो-छिलकर बारीक टुकड़ों में काट लें।  
  • अब हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काट लें। 
  • सत्तू को किसी बर्तन में निकालकर उसमें अदरक, हरी मिर्च, धनिया, नींबू का रस, नमक, सरसों का तेल और अचार का मसाला मिला लें। 
  • अगर सत्तू सूखा लग रहा हो तो 4-5 छोटे चम्मच पानी लें। 
  • अब लिट्टी के लिए सत्तू तैयार है। 
  • गूंथे हुए आटे से मध्यम आकार की लोइयां बनाएँ और लोई को अंगुलियों की सहायता से 2-3 इंच के व्यास में बड़ा कर लें। 
  • अब कटोरी जैसा बना लें तथा उसमे तैयार सत्तू रखकर आटे को चारों ओर से उठा कर बंद करके गोल कर लें। 
  • गोले को हथेली से दबा कर थोड़ा चपटा लें। 
  • अब कड़ाही में तेल गर्म करें तथा सत्तू भरी हुई लिट्टी को तलें। 
  • लिट्टी को माध्यम आँच पर ब्राउन होने तक तलना चाहिए। 

अब आपकी टेस्टफुल मेनू  के लिए लज़ीज़ लिट्टी तैयार है। इसे आप चोखा (भरता), चटनी, दाल या रसेदार सब्जी के साथ खाएँ और एक चटपटे स्वाद का आनंद लें। 
                                                           -----------