Sunday, 19 June 2016

नमक पारे


नमक पारे को राजस्थानी, पंजाबी स्नैक्स कहा जाता है मगर यह अलग-अलग नामों से हर जगह बनाया और खाया जाता है। इसे पूर्वी उत्तर-प्रदेश में सेवड़ा तो मध्य-प्रदेश आदि में सलोनी तो कई जगह शांके भी कहा जाता है। यह नमकीन शाम की चाय की शान है। इसे भेलपूरी में भी डालकर उसकी स्वाद बढ़ाई जाती है। नमक पारे बाजार में बड़ी आसानी से मिल जाते हैं। उतनी ही आसानी से इसे घर पर भी बनाया जा सकता है। घर पर बने नमक पारे का स्वाद कुछ अलग ही होता है। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में मैंने नमक पारे रखा है। आइए, बनाते हैं। 
नमक पारे के लिए आवश्यक सामग्री -
  • मैदा - 500 ग्राम
  • तेल - 100 ग्राम (मोयन के लिए)
  • अजवायन - 1 चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार 
  • पानी - गुनगुना 
  • तेल - तलने के लिये

नमक पारे कैसे बनाएँ ?
  • सबसे पहले एक बर्तन में मैदा छान कर निकाल लें। 
  • अब उसमें तेल, नमक और अजवायन डालकर अच्छी तरह मिला लें। 
  • फिर गुनगुना पानी से थोड़ा कड़ा आटा गूँथ लें। 
  • आटा गूँथ जाने के बाद 20 मिनट के लिये ढक कर रख दें। 
  • इससे आटा फूल कर सेट हो जाएगा। 
  • अब गूँथे आटे से थोड़ी बड़ी गोल-गोल लोइयाँ बना लें। 
  • एक लोई लेकर मोटा पराठे जैसा बेल लें। 
  • अब इसे चाकू से चौकोर या आयताकार या लम्बा काट लें। 
  • कटे हुए टुकड़ों को अलग करके थाली में रख लें। 
  • इस प्रकार पूरे आटे का पारे काटकर तैयार कर लें।
  • अब कड़ाही में तेल गरम करें। 
  • गरम तेल में कटे हुए पारे डालकर मीडियम आँच पर तलें। 
  • इसे बार-बार पलटते रहें ताकि जले नहीं। 
  • जब पारे हल्के ब्राउन हो जाएँ तब निकलकर पेपर नैपकिन लगी प्लेट में रख लें। 
  • इस प्रकार आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए सारे नमक पारे/सेवड़ा/सलोनी तैयार हो गया। 

आप इसे किसी एयर टाइट डिब्बे में भर कर रख दें और जब मन करे तब चाय की चुस्की का जायका बढ़ाएँ। 
                ------------------

No comments:

Post a Comment