करौंदे की चटनी बहुत ही स्वादिष्ट होती है। करौंदे की चटनी उत्तर भारत में अधिक बनाई जाती है। इसे आप कचौड़ी, समोसे, पकौड़े या रेगुलर खाने के साथ भी खा सकती हैं। विश्वास कीजिए, करौंदे की चटनी आपके खाने के स्वाद को और भी बढ़ाती है।
करौंदा को करोंदा या करौन या करवन भी कहा जाता है। इसका वृक्ष झाड़दार होता है, जिसमे तेज काँटे होते हैं। करौंदा का वैज्ञानिक नाम कैरिसा कैरेंडस है। वैसे तो कई लोग इसकी सब्जी, मुरब्बे और अचार भी बनाते हैं, मगर यह मुख्य रूप से चटनी के लिए ही प्रचलित है।
करौंदा अपने स्वाद से हमें प्रभावित तो करता ही है, इसके खट्टे-मीठे फल भी हमें लाभ देते हैं। आयुर्वेदीय संहिताओं में दो प्रकार के करौंदों का वर्णन प्राप्त होता है - करौंदा तथा करौंदी। करौंदे के फल पकने के बाद काले पड़ जाते हैं इसलिए इनको कृष्णपाक फल कहते हैं। आज मैंने अपनी टेस्टफुल मेनू में करौंदे की चटनी रखा है। इसकी चटनी हमारी जीभ के लिए सुखदायी तो है ही, इससे मसूड़ों के रोग मिटते हैं। आइए, आज करौंदे की चटनी बनाते हैं।
करौंदे की चटनी के लिए आवश्यक सामग्री -
- करोंदे - 100 ग्राम
- हरी मिर्च - 3-4
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 चम्मच
- हींग - 1 चुटकी
- राई - 1/2 चुटकी
- तेल - 1 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
करौंदे की चटनी कैसे बनाएँ ?
- सबसे पहले करौंदे को काटकर बीज निकाल लें।
- अब करौंदे के साथ नमक, हरी मिर्च और लाल मिर्च पाउडर मिलाकर मिक्सर में पीस लें।
- अब एक पैन में तेल गर्म करें।
- तेल गर्म होने पर हींग और राई डालकर चटकने दें।
- अब उसमे चटनी डालकर तड़का लगाएँ।
देखिए, अब आपकी टेस्टफुल मेनू के लिए करौंदे की चटपटी चटनी तैयार है।
------------

No comments:
Post a Comment